
श्रेष्ठा फूड प्रोडक्ट्स को नोटिस, जवाब न मिलने पर सील होगी फैक्ट्री!
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com):हापुड़ में लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ करने वालों पर खाद्य सुरक्षा विभाग का चाबुक चला है। मोदीनगर रोड स्थित ‘मैसर्स श्रेष्ठा फूड प्रोडक्ट्स’ पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम की छापेमारी से हड़कंप मचा है।
कार्रवाई के दौरान ग्राम अब्दुल्लापुर बसंत उर्फ फरीदपुर गोयना स्थित इस फैक्ट्री में भारी गंदगी के बीच देशी घी तैयार किया जा रहा था। यही नहीं, देशी घी को रखने के लिए नॉन-फूड ग्रेड प्लास्टिक ड्रमों का इस्तेमाल किया जा रहा था।
सहायक आयुक्त (खाद्य द्वितीय) चंद्रशेखर मिश्र के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई में करीब 890 किलोग्राम संदिग्ध देशी घी (अनुमानित कीमत ₹5.34 लाख) और 14 लीटर रिफाइंड पाम ऑयल को मौके पर सीज कर दिया गया। आशंका जताई जा रही है कि पाम ऑयल और क्रीम मिलाकर यह मिलावटी घी तैयार किया जा रहा था।
विभाग ने घी, पाम ऑयल और क्रीम के नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए भेज दिए हैं। इसके साथ ही फैक्ट्री संचालक को नोटिस जारी कर एक सप्ताह के भीतर जवाब मांगा गया है। अधिकारियों का साफ कहना है कि यदि संतोषजनक जवाब नहीं मिला, तो परिसर को सील कर दिया जाएगा।
इस बड़ी कार्रवाई के बाद अब खाद्य सुरक्षा विभाग ने पूरे जिले में देशी घी बनाने वाली अन्य इकाइयों की जांच भी तेज कर दी है।
लाजपत नगर, चांदनी चौक का माल अब हापुड़ से खरीदें, 390 रुपए से शुरू: 9456414025

























