
टीबी मुक्त भारत अभियान में सहयोग हेतु एनसीसी कैडेट्स आगे आए
हापुड, सूवि(ehapurnews.com):भारत सरकार द्वारा संचालित टी0बी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत सोमवार को जनपद हापुड़ के सिंभावली स्थित आर.एस.के. इंटर कॉलेज में एन0सी0सी कैडेटों के लिए टी0बी जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन जिला टी0बी अधिकारी डॉ. राजेश सिंह की अगुवाई में किया गया।
कार्यक्रम में एनसीसी कैडेटों को टी0बी बीमारी के लक्षण, बचाव, जांच एवं उपचार के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। डॉ. राजेश सिंह ने बताया कि टी0बी एक संक्रामक बीमारी है, लेकिन समय पर इसकी पहचान और नियमित उपचार से इसे पूरी तरह ठीक किया जा सकता है। उन्होंने कैडेटों से आह्वान किया कि वे स्वयं जागरूक होने के साथ-साथ अपने परिवार, आसपास के लोगों और समाज को भी टीबी के प्रति जागरूक करें।
उन्होंने बताया कि दो सप्ताह या उससे अधिक समय से खांसी, बुखार, रात में पसीना आना, वजन कम होना, भूख न लगना अथवा बलगम में खून आना जैसे लक्षण दिखाई देने पर व्यक्ति को तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जाकर टीबी की जांच करानी चाहिए। समय पर जांच और उपचार से बीमारी के प्रसार को रोकने में मदद मिलती है।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. राजीव कुमार गोहित ने टी0बी मुक्त भारत अभियान को सफल बनाने में युवाओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि एन0सी0सी कैडेट समाज में स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता फैलाने के प्रभावी माध्यम बन सकते हैं।
इस अवसर पर एनसीसी से राकेश कुमार, राम सिंह, सुरेंद्र कुमार, अजय कुमार सहित विद्यालय के शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में एनसीसी कैडेट उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान कैडेटों ने टीबी मुक्त भारत के निर्माण में सक्रिय सहभागिता का संकल्प भी लिया।
Dhanwantari Distributors का Immurich Capsule अब घर पर बैठे मंगवाएं: 9837700010



















