
प्रदूषण नियंत्रण में फेल मदर डेरी पर गिर सकती है गाज
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के पिलखुवा में स्थित मदर डेयरी प्लांट पर प्रदूषण नियंत्रण के नियमों के उल्लंघन का आरोप है। ऐसे में प्रदूषण नियंत्रण में फेल मदर डेयरी को बंद करने के आदेश दिए गए हैं। हालांकि मामले में पुलखुवा स्थित मदर डेयरी फ्रूट एंड वेजिटेबल प्राइवेट लिमिटेड के मैनेजर अमरेश द्विवेदी ने कहा कि किसी भी माध्यम से विभागीय कार्रवाई का पत्र प्राप्त नहीं हुआ है। यदि विभाग कोई कार्रवाई करता है तो फिर उसी के अनुसार आगे कार्रवाई की जाएगी। यह किसानों से जुड़ा प्लांट है।
बताया जा रहा है कि 20 सितंबर 2025 को केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के फ्लाइंग स्क्वॉड ने प्लांट का निरीक्षण किया था। जांच के दौरान प्लांट में प्रदूषण रोकने के निर्धारित मानकों का पालन नहीं हो रहा था। जांच के दौरान वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग के सदस्य-सचिव तरूण कुमार ने जांच में पाया कि प्रदूषण नियंत्रण के लिए लगाए जाने वाले उपकरण सक्रिय नहीं थे। इससे वायु प्रदूषण नियंत्रण कानून नियमों और विनियमों का पालन नहीं हो रहा था। मामले में उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के सहायक अभियंता विपुल कुमार का कहना है कि केंद्रीय स्तर पर कार्रवाई हुई है। हमें सिर्फ जानकारी मिली है।
बता दें कि वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग ने पिलखुवा में स्थित डेयरी पर प्लांट पर प्रदूषण नियंत्रण के मानकों के उल्लंघन के आरोप में प्लांट को बंद करने के आदेश दिए हैं। आयोग के सचिव ज्ञानेंद्र यादव ने 28 अक्टूबर को आदेश जारी किए थे। इसके साथ ही ऊर्जा निगम के एमडी को प्लांट की बिजली कनेक्शन को काटने के लिए भी कह दिया गया है। हालांकि ऊर्जा निगम के अधिशासी अभियंता मनीष यादव का कहना है कि अभी कनेक्शन काटने का आदेश नहीं मिला है।


























