
मोनाड विवि प्रकरण: दो गाड़ियों में सवार ईडी के अधिकारी फिर पहुंचे यूनिवर्सिटी
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के पिलखुवा के अनवरपुर में स्थित मोनाड विश्वविद्यालय में शुक्रवार दूसरे दिन भी प्रवर्तन निदेशालय की टीम जांच करने के लिए पहुंची। शुक्रवार की सुबह जांच के लिए पहुंची टीम की कार्रवाई शाम तक जारी रही। इस दौरान स्टाफ के अलावा किसी अन्य को भीतर आने-जाने की अनुमति नहीं दी गई। मुख्य गेट पर सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया। उसके बाद गहनता से प्रवर्तन निदेशालय की टीम ने मामले की जांच की। इससे पहले प्रवर्तन निदेशालय की टीम ने गुरुवार को मोनाड यूनिवर्सिटी के साथ-साथ मोनाड यूनिवर्सिटी के अर्जुन नगर निवासी कर्मचारी सनी कश्यप, स्वर्गाश्रम रोड निवासी विपुल चौधरी, रेलवे रोड निवासी इमरान के घर पर भी सर्च ऑपरेशन चलाया था।
ज्ञात हो कि मई 2025 में उत्तर प्रदेश की स्पेशल टास्क फोर्स ने फर्जी मार्कशीट बनाए जाने के धंधे का पर्दाफाश किया था। उस समय चेयरमैन विजेंद्र सिंह हुड्डा, प्रो चांसलर नितिन कुमार समेत 12 लोगों को गिरफ्तार किया था। मुख्य आरोपी विजेंद्र सिंह हुड्डा अभी भी जेल में है। जांच का दायरा बढ़ता जा रहा है। गुरुवार को टीम ने चार स्थानों पर सर्च ऑपरेशन चलाया। उसके बाद शुक्रवार को टीम एक बार फिर मोनाड विश्वविद्यालय पहुंची जहां दो गाड़ियों में सवार होकर आए अधिकारियों ने जांच की।

























