
मोहसीन हत्याकांड: मृतक के गांव के लोगों ने की हत्या, दो टीमें गठित
हापुड़, सीमन/ संजय कश्यप (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर कोतवाली क्षेत्र के गांव सरूरपुर में राष्ट्रीय राजमार्ग-9 के किनारे स्थित टूरिस्ट ढाबे पर सोमवार को कार सवार हमलावरों ने एक बस यात्री की हत्या कर दी। इस दौरान आरोपियों ने लाठी-डंडों से युवक को बेरहमी से पीटा। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल में भर्ती कराया जहां से उसे मेरठ के लिए रेफर कर दिया जहां युवक की दर्दनाक मौत हो गई। गढ़मुक्तेश्वर के क्षेत्राधिकारी राहुल यादव ने बताया कि मृतक मोहसीन बिजनौर का रहने वाला था जो बस में सवार होकर दिल्ली की तरफ जा रहा था। जमीनी रंजिश को लेकर उसके गांव के ही कुछ लोगों ने मिलकर उसकी हत्या की है। पुलिस ने खुलासे के लिए दो टीमों का गठन किया है।
बिजनौर के चांदपुर थाना क्षेत्र के गांव बीबीपुर निवासी 30 वर्षीय मोहसीन पुत्र महबूब अपने भाई नईम के साथ निजी बस में सवार होकर अपनी ससुराल गाजियाबाद जा रहा था। चालक ने बस को गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र के गांव सरूरपुर के पास हाईवे किनारे स्थित टूरिस्ट ढाबे पर रोका। इसी बीच नईम बस से उतरकर शौचालय की ओर चला गया। तभी आई स्विफ्ट डिज़ायर कार में सवार होकर आए बदमाशों ने मोहसिन को घेर लिया। चारों युवकों ने मोहसीन पर लाठी-डंडों से हमला किया। उसके सिर और नाजुक अंगों पर ताबड़तोड़ वार किए। इसके बाद पीड़ित लहूलुहान होकर गिर पड़ा। आरोपी वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। सूचना पर क्षेत्राधिकारी गढ़मुक्तेश्वर राहुल यादव, गढ़ कोतवाली प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र बिष्ट पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उसके बाद पुलिस ने मोहसीन को अस्पताल पहुंचाया जहां से उसे मेरठ रेफर कर दिया जहां मोहसीन की मौत हो गई। हत्या के मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। फिलहाल दो टीमों का गठन किया गया है।
एक फोन पर कराएं सीवर सैप्टिक टैंक की मशीन द्वारा सफाई: 9219695264

























