हापुड़, सीमन/अशोक तोमर (ehapurnews.com): आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह की गिरफ्तारी के विरोध में आम आदमी पार्टी के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने शनिवार को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा और ईडी द्वारा की गई गिरफ्तारी का विरोध किया। आम आदमी पार्टी के पदाधिकारियों ने राज्यसभा सांसद की गिरफ्तारी को अवैध करार दिया और हापुड़ की पुरानी कलेक्ट्रेट पर पहुंचकर प्रदर्शन किया। इस संबंध में उन्होंने एक ज्ञापन भी सौंपा है।
आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने कहा कि राज्यसभा सांसद संजय सिंह के आवास पर ईडी द्वारा 12 घंटे तक छापेमारी की गई और आठ दिन तक उन्हें रिमांड पर लेकर पूछताछ भी की गई। जांच एजेंसी को कुछ हासिल नहीं हुआ तो ऐसे में जबरदस्ती उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। संजय सिंह को बेवजह फंसाया जा रहा है जिनकी गिरफ्तारी अवैध है। इसी के साथ ज्ञापन के माध्यम से आम आदमी पार्टी ने कहा कि मणिपुर हिंसा में महिलाओं को निर्वस्त्र कर घुमाने जैसे मामले जब संजय सिंह ने सदन में उठाए तो उन्हें पूरे सत्र से निलंबित कर दिया जो कि अभी भी निलंबित है। सांसद संजय सिंह लगातार पिछड़ों, दलितों, आदिवासियों, अल्पसंख्यकों व समाज के कमजोर वर्गों की आवाज उठा रहे हैं जो लगातार सरकार से सवाल पूछते हैं जिसके चलते साजिशन उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। राजनीति हावी है जिसके चलते ईडी ने उन्हें गिरफ्तार किया है। अपनी मांगों के समर्थन में ज्ञापन सौंप कर आप के कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति से मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की है।
एक ही दुकान से प्लास्टिक का सारा सामान होलसेल दाम पर खरीदें: 9359986878






















