
खुर्जा: निर्माणाधीन मकान की छत से गिरकर हापुड़ जिले निवासी मजदूर की मौत, मुकदमा दर्ज
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद बुलंदशहर के थाना खुर्जा नगर कोतवाली क्षेत्र की न्यू शिवपुरी कॉलोनी में निर्माणाधीन मकान पर काम के दौरान एक मजदूर की छत से गिरकर दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद मृतक के परिजनों में भारी आक्रोश फैल गया। परिजन शव लेकर थाने पहुंचे और ठेकेदार पर बिना सुरक्षा उपकरणों के काम कराने का आरोप लगाते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की। पीड़ित पक्ष ने मामले में तहरीर देते हुए मामले में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
आपको बता दें कि चमन खुर्जा में एक ठेकेदार के यहां रहकर सेंटरिंग का कार्य करता था। निर्माणाधीन मकान पर काम करते समय वह अचानक छत से नीचे गिर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान 34 वर्षीय चमन के रूप में हुई है, जो हापुड़ जिले के पिलखुवा थाना क्षेत्र का निवासी था। हादसे के बाद परिजनों ने आरोप लगाया कि मजदूरों से बिना किसी सुरक्षा व्यवस्था और सुरक्षा उपकरणों के काम कराया जा रहा था जिसकी वजह से यह दर्दनाक हादसा हुआ। गुस्साए परिजन शव लेकर खुर्जा नगर कोतवाली पहुंचे और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई तथा न्याय की मांग की। पुलिस के अनुसार, प्राप्त तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।
Deewan Global School, Babugarh || Admission Open: 7055651651
























