
बुलंदशहर से ब्रजघाट ले जाई जा रही थी प्रतिबंधित लकड़ी, कागजात न दिखाने पर पुलिस ने पकड़ी
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के बहादुरगढ़ क्षेत्र में अवैध लकड़ी तस्करी के खिलाफ पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। गश्त के दौरान पुलिस ने प्रतिबंधित आम की लकड़ी से लदी एक ट्रैक्टर ट्रॉली को जब्त कर सीज कर दिया है।
थानाध्यक्ष इंद्रकांत यादव के अनुसार, पुलिस टीम जब क्षेत्र में गश्त पर थी, तभी बुलंदशहर की तरफ से एक संदिग्ध ट्रैक्टर-ट्रॉली आती दिखाई दी। जब ट्रॉली की जांच की गई, तो उसमें अवैध रूप से काटी गई प्रतिबंधित आम की लकड़ी भरी पाई गई।
पुलिस द्वारा जब चालक से लकड़ी के परिवहन और कटान से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे गए, तो वह कोई भी कागज पेश नहीं कर सका। पूछताछ में चालक ने खुलासा किया कि वह इस प्रतिबंधित लकड़ी को बुलंदशहर से तीर्थ नगरी ब्रजघाट ले जा रहा था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने संबंधित कानूनी धाराओं के तहत तुरंत कार्रवाई करते हुए ट्रैक्टर-ट्रॉली को सीज कर दिया है और आगे की कानूनी जांच शुरू कर दी है।
Gopal Ji Jewellers, Wholesaler of High Class Gold, Silver & Diamond Ornaments: 9758449179






















