
हापुड़: लोन रिकवरी के नाम पर दबंगई! बैंक कर्मियों की प्रताड़ना से तंग आकर महिला ने खाया था ज़हर
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com):जनपद हापुड़ के बाबूगढ़ थाना क्षेत्र से एक बेहद दुखद और सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां लोन रिकवरी के नाम पर बैंक कर्मचारियों की कथित प्रताड़ना से तंग आकर एक महिला ने जहरीला पदार्थ खा लिया। इलाज के दौरान महिला की अस्पताल में दर्दनाक मौत हो गई।
बाबूगढ़ के वार्ड नंबर 4 के रहने वाले सचिन का आरोप है कि 3 सितंबर को एक बैंक के तीन कर्मचारी उनके घर लोन की किश्त वसूलने पहुंचे थे। सचिन की मां ने जब पैसों की तंगी का हवाला देते हुए कुछ समय मांगा, तो आरोप है कि बैंक कर्मचारियों ने उनके साथ बदसलूकी और गाली-गलौज शुरू कर दी। शोर सुनकर परिवार और मोहल्ले के लोग भी जमा हो गए, लेकिन कर्मचारियों का व्यवहार नहीं बदला।
इसी अभद्रता और प्रताड़ना से क्षुब्ध होकर डरी-सहमी महिला ने घर में रखा जहरीला पदार्थ खा लिया। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी सांसें थम गईं।
घटना के बाद गुस्साए परिजनों ने बसपा के पूर्व जिलाध्यक्ष केपी सिंह और स्थानीय लोगों के साथ बाबूगढ़ थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। पीड़िता के बेटे का कहना है कि ये बैंककर्मी पहले भी इलाके में महिलाओं के साथ ऐसा ही व्यवहार करते रहे हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है। इस पूरे मामले पर सीओ राहुल कुमार और थाना प्रभारी का कहना है कि शिकायत के आधार पर जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
दिल्ली की डॉ शूची तनेजा दुआ अब हापुड़ शहर में: 70177 32103 || फ्री गंज रोड, हापुड़



















