
हापुड़: टेंडर के बचे हुए रुपए खपाने हेतु बनी हुई नई सड़क उखाड़ने का आरोप
हापुड़, सीमन/ संजय कश्यप (ehapurnews.com): हापुड़ में एक बार फिर भ्रष्टाचार के आरोप लगे हैं। एक बार फिर ठेकेदार और अधिकारियों की भूमिका सवालों के कटघरे में खड़ी है। इस बार मामला सही सड़क पर बिछी इंटर टाइल्स को हटाकर पुनः नई टाइल्स बिछाने से जुड़ा है। बताया जा रहा है कि सरकारी रुपए को खपाने के लिए ठेकेदार ने यह हरकत की। वहीं अधिकारियों द्वारा शिकायत करने के बावजूद भी कोई निरीक्षण नहीं किया। ऐसे में पार्षद विनीत त्यागी ने मामले की शिकायत की है और अधिकारियों का ध्यान इस ओर खींचा है।
सोशल मीडिया पर दो फोटो और कुछ वीडियो वायरल हो रही हैं। एक फोटो 8 जून 2026 की है जिसमें सड़क पर इंटरलॉकिंग टाइल बिछी हुई दिख रही है। वहीं एक फोटो 17 जून की है जिसमें बीच के कुछ हिस्से में इंटरलॉकिंग टाइल्स गायब है। दोनों का लोंगिट्यूड और लेटीट्यूड का मिलान किया जाए तो यह लगभग एक ही स्थान की दिखाई पड़ती हैं।
पार्षद ने बताया कि हापुड़ के वार्ड नंबर 21 गांधी विहार के मोहल्ला काशीनाथ नगर में बाबा बालक नाथ मंदिर के पास सड़क का निर्माण किया गया। 15वें वित से 31 लाख का टेंडर निकाला था जिसमें करीब 28.50 लाख रुपए का कार्य तो हो गया। शेष राशि को खपाने के लिए ठेकेदार ने बनाई हुई नई सड़क की इंटरलॉकिंग टाइल्स को उखाड़ा और वहां पर फिर से नई टाइल्स खपा दी। सवाल यह खड़ा होता है कि आखिर यहां लगाई गई इंटरलॉकिंग टाइल्स का ठेकेदार ने क्या किया? जब क्षेत्रवासियों ने शिकायत की तो अधिकारियों ने उस दौरान मौके का निरीक्षण क्यों नहीं किया? चंद रूपों की खातिर जनता के पैसे को बर्बाद करने का आरोप है। मामला लखनऊ तक पहुंच गया है। क्षेत्रवासियों ने निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग की है। क्षेत्र वासियों का कहना है कि अधिकारियों की भूमिका की भी जांच होनी चाहिए।
लाजपत नगर, चांदनी चौक का माल अब हापुड़ से खरीदें, 390 रुपए से शुरू: 9456414025























