हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : भारतीय किसान यूनियन संघर्ष के राष्ट्रीय अध्यक्ष सरनजीत सिंह गुर्जर के नेतृत्व में संगठन के कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों ने अर्धनग्न होकर सिंभावली शुगर मिल के बाहर जमकर प्रदर्शन किया और नारेबाजी की। किसानों का कहना है कि सबसे पहले किसानों का भुगतान किया जाए। इसके पश्चात बैंकों को पैसा दिया जाए। ओरिएंटल बैंक ऑफ़ कॉमर्स की करीब 103 करोड़ रुपए की देनदारी के मामले में एनसीएलटी से सिंभावली शुगर मिल ग्रुप को झटका लगा है। ग्रुप की प्रबंध समिति को निलंबित कर अंतरिम समाधान पेशेवर गठन के आदेश दिए गए हैं। ऐसे में भारतीय किसान यूनियन संघर्ष के कार्यकर्ता व पदाधिकारी मैदान में उतर आए हैं जिन्होंने शनिवार को शुगर मिल पर पहुंचकर अर्धनग्न होकर प्रदर्शन किया। इसके बाद आसपास मौजूद किसान इकट्ठा हुए और उन्होंने किसी तरह बेहोश हुए किसान को उठाया। किसानों का कहना है कि पहले किसानों के बकाया का भुगतान किया जाए।
सिंभावली शुगर मिल ग्रुप की हापुड़ में बृजनाथपुर, सिंभावली, बहराइच के चिलवरिया में शुगर मिल है। समय-समय पर चीनी मिलों ने विभिन्न बैंकों से ऋण लिया था। देनदारी करीब 900 करोड रुपए के पार पहुंच गई। पिछले कुछ वर्षों से देनदारी चुकाने को लेकर बैंक और चीनी मिल का वाद चल रहा था। बैंकों ने एनसीएलटी में रिट दायर की थी। गुरुवार को ओरिएंटल बैंक ऑफ कॉमर्स की करीब 103 करोड़ की देनदारी के मामले में सुनवाई हुई। इसमें एनसीएलटी ने सिंभावली शुगर मिल को बैंक का पैसा देने के आदेश दिए। सिंभावली चीनी मिल के सीजीएम करण सिंह ने बताया कि कोर्ट के आदेश में सिंभावली शुगर मिल ग्रुप की प्रबंध कमेटी को सस्पेंड किया गया है। साथ ही आरपी नियुक्त करने के आदेश दिए गए हैं आईआरपी संबंधित बैंक द्वारा नामित दो अधिकारी होंगे जो मैनेजमेंट के स्थान पर कार्य देखेंगे। ऐसे में किसानों को चिंता है कि उनका भुगतान न करके पहले बैंकों का भुगतान किया जाएगा जिसके चलते भारतीय किसान यूनियन संघर्ष के राष्ट्रीय अध्यक्ष सरनजीत सिंह गुर्जर शनिवार को किसान नेताओं व पदाधिकारी के साथ शुगर मिल पहुंचे और अनिश्चितकालीन धरने की शुरुआत की। किसानों का कहना है कि जब तक किसानों का भुगतान नहीं हो जाता वह धरने से नहीं हटेंगे।
Deewan Global School में एडमिशन के लिए संपर्क करें: 7618451651 पर

अपने पैट्स व पशुओं का कराएं डिजिटल एक्सरे, अल्ट्रासाउंड, ब्लड जांच: 8865800700

























