
रक्षाबंधन व जन्माष्टमी पर यातायात व्यवस्था को लेकर ट्रैफिक पुलिस को दिए दिशा-निर्देश
हापुड़, सीमन/ अमित कुमार (ehapurnews.com): आगामी रक्षाबंधन एवं जन्माष्टमी पर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस विभाग द्वारा तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में पुलिस उपाधीक्षक यातायात दीपक चतुर्वेदी ने पुलिस लाइन स्थित यातायात कार्यालय में ट्रैफिक पुलिस कर्मियों के साथ गोष्ठी आयोजित की।
गोष्ठी के दौरान सीओ ट्रैफिक ने त्योहारों के दौरान बढ़ने वाली भीड़ एवं यातायात दबाव को देखते हुए पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने प्रमुख बाजारों, मंदिरों, सार्वजनिक स्थलों तथा संवेदनशील क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने, जाम की स्थिति उत्पन्न न होने देने तथा आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न होने देने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को सतर्कता एवं अनुशासन के साथ कार्य करने, यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने तथा आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई करने के लिए भी निर्देशित किया गया। अधिकारियों ने कहा कि त्योहारों के दौरान नागरिकों की सुरक्षा एवं सुगम यातायात व्यवस्था पुलिस की प्राथमिकता है।
गोष्ठी के अंत में सभी ट्रैफिक कर्मियों को अपने दायित्वों का पूर्ण निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने का आह्वान किया गया।
मोना ड्रीम गैलरी से 999/- की शॉपिंग पर 1 GIFT FREE: 9927143205, 7817840559




















