
जीएस मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल को मिला 1130 बेड्स के लिए NABH एक्रेडिटेशन, क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल
हापुड़, सीमन/रियाज़ अहमद (ehapurnews.com): स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में हापुड़ का नाम अब राष्ट्रीय स्तर पर और अधिक प्रतिष्ठा प्राप्त कर गया है। जीएस मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल को 1130 बेड्स के लिए NABH (नेशनल एक्रेडिटेशन बोर्ड फॉर हॉस्पिटल्स) की मान्यता प्रदान की गई है। यह गौरवपूर्ण उपलब्धि हासिल करने वाला यह इस क्षेत्र का पहला अस्पताल है, जिससे जनपद और आसपास के जिलों को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने में और तेजी आएगी।
अस्पताल के सचिव डॉ. अंकित शर्मा ने इस अवसर पर कहा कि यह उपलब्धि हमारे लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा, “NABH एक्रेडिटेशन अस्पताल की सेवाओं की गुणवत्ता और कार्यप्रणाली का प्रमाण है। इसके मिलने से न केवल अस्पताल की पहचान मजबूत हुई है बल्कि हमें अपनी स्वास्थ्य सेवाओं को और आधुनिक व उत्कृष्ट बनाने की प्रेरणा भी मिलेगी। हमारे क्रिटिकल केयर बेड्स लगभग हमेशा भरे रहते हैं, जो इस बात का प्रमाण है कि लोग हम पर विश्वास करते हैं और हमारी सेवाओं को प्राथमिकता देते हैं।”
जीएस मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल आज सुपर स्पेशियलिटी विभागों से सुसज्जित है। यहां कार्डियोलॉजी, न्यूरोलॉजी, नेफ्रोलॉजी, गैस्ट्रोएंटरोलॉजी, कैंसर उपचार और आपातकालीन चिकित्सा सेवाएं जैसे उन्नत विभाग संचालित हैं। अस्पताल में अत्याधुनिक तकनीक से लैस उपकरणों और विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम के सहयोग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीजों का इलाज किया जा रहा है।
अस्पताल प्रशासन का कहना है कि NABH एक्रेडिटेशन मिलने से न केवल सेवाओं में पारदर्शिता और गुणवत्ता और मजबूत होगी, बल्कि मरीजों को भी यह विश्वास मिलेगा कि उन्हें अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप चिकित्सा सुविधा प्राप्त हो रही है।
डॉ. शर्मा ने आगे कहा, “हमारी प्राथमिकता केवल इलाज करना नहीं, बल्कि समाज को विश्वास दिलाना भी है कि उच्चस्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं अब दिल्ली या बड़े महानगरों तक सीमित नहीं रहीं। जीएस मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में हम मरीजों को बेहतर उपचार, समय पर सेवा और वह भी किफायती दरों पर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध हैं।”
स्थानीय निवासियों और मरीजों ने भी इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त की और कहा कि हापुड़ जैसे क्षेत्र में NABH मान्यता प्राप्त 1130 बेड वाला अस्पताल होना समाज के लिए बड़ी सौगात है। इससे न केवल मरीजों को नजदीक ही उच्चस्तरीय सुविधा मिलेगी, बल्कि उन्हें महानगरों की ओर जाने की आवश्यकता भी कम होगी।
Dhanwantari Distributors का Immurich Capsule अब घर पर बैठे मंगवाएं: 9837700010























