
पोते की मौत के दो दिन बाद दादा का भी निधन
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): पोते की मौत की खबर सुनकर दादा को गहरा झटका लगा।अपने पोते की चिता को आग देकर लौटे दादा जब बिस्तर पर लेटे तो सदमे से उठ नहीं पाए। दादा-पोते की मौत से परिजनों को गहरा झटका लगा है। परिवार में मातम पसरा है।
हापुड़ के पक्का बाग नई मंडी के रहने वाले व्यापारी नीरज कंसल ने बताया कि उनके सगे भतीजे देव कंसल के पिता नवीन चंद्र कंसल जन्म से ही मूक बधिर हैं। देव के जन्म के समय 15 जुलाई 2006 को उसकी मां शिवानी कंसल का भी निधन हो गया था।
इसके बाद देव और उसके बड़े भाई विभाषु कंसल की परवरिश की जिम्मेदारी दादा जय गोपाल कंसल और दादी राजबाला कंसल ने संभाली। देव ने इसी वर्ष 12वीं की कक्षा पास की थी जो बीकॉम में दाखिला लेने की तैयारी कर रहा था। मंगलवार दोपहर करीब 4:00 बजे पुलिस ने परिजनों को सूचना दी कि देहात क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग-9 स्थित पेट्रोल पंप पर देव घायल अवस्था में पड़ा है जिसके बाद परिजनों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया जहां देव की मौत हो गई।
बुधवार की सुबह परिजनों ने देव का बिना किसी कार्रवाई के अंतिम संस्कार कर दिया। पोते की मौत की खबर से दादा आहत हो गए जिन्होंने अपने पोते का अंतिम संस्कार किया। चिता को आग देकर लौटे दादा सदमे से उबर नहीं पाए। गुरुवार की सुबह करीब 4:00 बजे उन्होंने अपनी पत्नी से बात की और पोते की मौत का दुख साझा किया। इसके बाद वह अपने बिस्तर पर चले गए। गुरुवार की सुबह करीब 9:00 बजे जब जय गोपाल कंसल की पत्नी कमरे में पहुंची तो देखा की जय गोपाल कंसल मृत अवस्था में पड़े थे जिसके बाद उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। परिजनों का रो-रोबुरा हाल है। बताया जा रहा है कि जय गोपाल कंसल की हार्ट फेल होने से मौत हुई है।
दातों की झनझनाहट को नजरअंदाज ना करें, नि:शुल्क सलाह के लिए कॉल करें: 7668219093, 9997097671


















