
गढ़: सामुदायिक परिसर में कुत्तों ने किया मरीजों, स्टाफ पर हमला
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ में कुत्तों का आतंक इस कदर बढ़ गया है कि अब कुत्ते अस्पताल में इलाज कराने के लिए आ रहे मरीजों व स्टॉफ पर भी हमला कर रहे है। शनिवार को गढ़मुक्तेश्वर नगर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कुत्तों के झुंड ने अचानक लोगों पर हमला कर दिया। इस दौरान छह लोग जख्मी हो गए। इसके बाद सभी मरीजों को एंटी रेबीज डोज लगाई गई।
आपको बता दें कि मामला शनिवार का है जब गढ़मुक्तेश्वर नगर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कुत्ते घुस आए और वहां मौजूद स्टाफ के स्वजन शशांक गुप्ता और उनकी 13 वर्षीय पुत्री शानवी पर अचानक कुत्तों ने हमला कर दिया। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया तो कुत्तों ने नेहा समेत चार अन्य मरीजों को भी जख्मी कर दिया। इसके बाद लोगों ने जैसे ही कुत्तों को भगाने का प्रयास किया तो कुत्तों ने गाय के बछड़े को भी काटकर जख्मी कर दिया। कुत्तों के अचानक हुए हमले से अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। इसके बाद लोगों ने डंडे के सहारे कुत्तों को अस्पताल परिसर से बाहर निकाला।
सीएचसी प्रभारी डॉक्टर शशि भूषण ने बताया कि अकेले गढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रतिदिन 30 से 35 मरीज एंटी रेबीज की डोज लगाने के लिए आते हैं। कुत्तों ने अस्पताल परिसर में स्टाफ के दो परिजन चार मरीज व एक गाय के बछड़े को काटकर घायल कर दिया है। कुत्तों को पकड़वाने के लिए पालिका को पत्र लिखा है।
M&M ANANTA: 3BHK + 4BHK + LUXURIOUS HOMES AT ANAND VIHAR, HAPUR: 9068082168, 9068082169

























