
ब्रांड के नाम पर धोखा! धौलाना में पुलिस का छापा, नकली केमिकल और एमसील जब्त
हापुड़, सीमन(ehapurnews.com):धौलाना में नामी ब्रांड के नाम पर नकली केमिकल और उत्पाद बेचने के बड़े फर्जीवाड़े का पर्दाफाश हुआ है। मसूरी-गुलावठी रोड पर सोलाना कट के पास स्थित ‘राजधानी ट्रैवल्स’ नाम की दुकान पर पुलिस और पिडीलाइट कंपनी की संयुक्त टीम ने अचानक छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान मौके से टाइल्स चिपकाने में इस्तेमाल होने वाला एपाक्सी केमिकल, एमसील, फेवीक्विक समेत भारी मात्रा में फर्जी उत्पाद बरामद किए गए हैं। बरामद सामान की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।
पिडीलाइट कंपनी के जांच अधिकारी शिवम गुप्ता के मुताबिक, उन्हें दुकान पर कंपनी के नाम से नकली सामान बेचे जाने की गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद कंपनी के अधिकारियों ने ग्राहक बनकर रेकी की और फर्जीवाड़े की पुष्टि की। हापुड़ पुलिस अधीक्षक से अनुमति मिलने के बाद पिलखुवा सीओ मुनीश चंद्र और धौलाना पुलिस के साथ मिलकर रेड डाली गई।
कंपनी अधिकारियों का कहना है कि नकली सामान बेचने से न केवल ब्रांड को आर्थिक नुकसान होता है, बल्कि घटिया क्वालिटी के केमिकल और सीलेंट के इस्तेमाल से उपभोक्ताओं के लिए भी दुर्घटना का खतरा बना रहता है। फिलहाल पुलिस ने दुकान से बरामद सारा सामान सील कर दिया है और मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
कैलकुलेटर से भी तेज दौड़ेगा दिमाग, सीखें अबेकस (Abacus) व वैदिक मैथ्स (Vedic Maths) 9219237480

























