
हनुमान जन्म, सुग्रीव मैत्री और लंका दहन की लीलाओं से गुंजा रामलीला मैदान
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): हापुड़, 18 अक्टूबर। श्री रामलीला समिति (रजि.), हापुड़ के तत्वावधान में आयोजित श्री रामलीला महोत्सव 2026-27 के अंतर्गत रविवार को रामलीला मैदान में भगवान श्रीराम की पावन लीलाओं का भावपूर्ण मंचन किया गया। कार्यक्रम में हनुमान जन्म, श्रीराम-हनुमान मिलन, सुग्रीव मैत्री, बालि वध, माता जानकी की खोज तथा लंका दहन जैसे महत्वपूर्ण प्रसंगों के माध्यम से श्रद्धालुओं को भक्ति, साहस, मित्रता और धर्म की विजय का संदेश दिया गया।
रामलीला के मंचन में दर्शाया गया कि किस प्रकार प्रभु श्रीराम की सेवा में समर्पित हनुमान जी माता सीता की खोज के लिए लंका पहुंचते हैं और अशोक वाटिका में माता जानकी से भेंट कर उन्हें प्रभु श्रीराम का संदेश देते हैं। इसके पश्चात अशोक वाटिका उजाड़ने और लंका दहन के प्रसंग ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। इन लीलाओं के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि सच्ची भक्ति, दृढ़ संकल्प और धर्म के मार्ग पर चलने वाले व्यक्ति के सामने बड़ी से बड़ी चुनौती भी टिक नहीं सकती।
रामलीला के व्यास श्री पवन देव चतुर्वेदी जी ने अपनी भावपूर्ण प्रस्तुति एवं प्रभावशाली वर्णन के माध्यम से रामकथा के प्रसंगों को जीवंत बनाया। उनके सजीव वर्णन ने श्रद्धालुओं को कथा से जोड़े रखा तथा भगवान श्रीराम और हनुमान जी के आदर्शों को आत्मसात करने की प्रेरणा दी।
समिति के महामंत्री श्री उमेश अग्रवाल ने कहा कि श्री रामलीला महोत्सव हमारी धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक एकता का प्रतीक है। रामलीला के माध्यम से नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति, मर्यादा, कर्तव्यनिष्ठा और सदाचार के मूल्यों से परिचित कराने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने नगरवासियों से अपील की कि वे परिवार सहित रामलीला में पहुंचकर कार्यक्रमों का आनंद लें और इस सांस्कृतिक आयोजन को सफल बनाने में सहयोग करें।
श्री रामलीला समिति (रजि.), हापुड़ की ओर से आयोजित यह महोत्सव नगर में धार्मिक उत्साह और भक्तिमय वातावरण का संचार कर रहा है। समिति ने सभी धर्मप्रेमी नागरिकों से आगामी कार्यक्रमों में भी अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने का आह्वान किया।
अवसर पर समिति के संरक्षक देवेन्द्र कुमार, रविंद्र गुप्ता, अनिल गोपाल गोयल, प्रधान विनोद कुमार वर्मा, महामंत्री उमेश अग्रवाल, कोषाधयक्ष शुभम गोयल, वरिष्ठ उपप्रधान सुयश वशिष्ठ, संयोजक नवीन गुप्ता, मीडिया प्रभारी विमल वर्मा व कार्यकारिणी से मनोज वर्मा प्रधान, अतुल सोनी, माधव वर्मा, मुकेश वर्मा बॉबी, प्रदीप सोनी, अंकुर गर्ग, रितिक त्यागी, गौरव बजरंगी एवं विवेक सिंघल सहित समिति के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
रेडीमेड कलेक्शन खरीदने के लिए पहुंचे “द रेमंड शॉप”: 9149331926
























