
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना सिम्भावली पुलिस ने धोखाधड़ी कर ठगी करने की घटना का सफल अनावरण करते हुए शनिवार को अन्तर्जनपदीय गिरोह के पांच शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है जिनके कब्जे से 84,300/- रुपये नगदी व एक मोटरसाइकिल पुलिस ने बरामद की है। आरोपियों ने गोटी का खेल जिताकर रकम दोगुनी करने का झांसा देकर ढाई लाख रुपये हड़पे थे।गिरफ्तार किए गए आरोपियों के नाम कामेश पुत्र अमर सिंह निवासी एलोरा माफी थाना धनोरा जनपद अमरोहा, आस मोहम्मद पुत्र शब्बीर निवासी समर गार्डन H ब्लॉक थाना लिसाड़ी मेरठ, शहजाद सक्के व मेहताब सक्के पुत्रगण बुनियाद अली निवासीगण लक्खीपुरा थाना लोहिया नगर जनपद मेरठ और अविनाश उर्फ गोलू पुत्र मदन निवासी सुभाष नगर कस्बा व थाना धनोरा जनपद हापुड़ है। आस मोहम्मद पर पांच, कामेश पर तीन, शहजाद पर दो, मेहताब सक्के पर दो मुकदमे दर्ज है।गिरफ्तार अभियुक्तगण ने वादी को झांसे मे लेकर गोटी के खेल में पैसे लगवाकर डबल करने का लालच देकर धोखाधड़ी कर ठगी की थी।गिरफ्तार अभियुक्तगण शातिर किस्म के अपराधी हैं, जिनके विरुद्ध जनपद अमरोहा, मेरठ, मथुरा, मुजफ्फरनगर, बुलन्दशहर, सम्भल व हापुड़ में धोखाधड़ी, व गैंगस्टर आदि से सम्बन्धित करीब एक दर्जन से अधिक अभियोग पंजीकृत हैं।
यह है मामला:
पुलिस ने सिंभावली के गांव सिखेड़ा मुरादाबाद निवासी लताफत पुत्र लियाकत की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया। लताफत ने बताया कि उसके यहां पर जावेद नाम के व्यक्ति का आना जाना था। जावेद ने पीड़ित से लगातार मुलाकात कर उसे विश्वास में ले लिया और अपने साथ एक स्थान पर ले गया जहां उसके तीन अन्य साथी मिले जहां पर चारों ने मिलकर पीड़ित को गोटी का खेल खिलाया और जिताकर कहा कि कल रुपए लेकर आना तब हम तुम्हारे रुपए दोगुने कर देंगे।मामला 11 मार्च का है जब जावेद ने पीड़ित को छिजारसी टोल से पहले दाहिने तरफ चौकी से आगे स्थित होटल पर बुलाया। पीड़ित ढाई लाख रुपए लेकर पहुंचा। होटल पर बैठे आरोपियों ने कहा कि वह 10 मिनट में रुपए दुगने कर ₹5,00,000 लाकर उसे देंगे। आरोपी ढाई लाख रुपए लेकर फरार हो गए। जब पीड़ित ने जावेद से बात की तो उसने कहा कि हापुड़ कचहरी में आकर मिलो लेकिन उसके बाद से आरोपियों का फोन स्विच ऑफ आने लगा। इसके बाद लताफत ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
























