हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : जनपद हापुड़ के थाना बाबूगढ़ क्षेत्र के गांव श्यामपुर जट्ट में एक जन सेवा केंद्र में अचानक आग लग गई जिसके बाद केंद्र में रखा फर्नीचर, लैपटॉप, बैटरी, विद्युत उपकरण, जरूरी कागजात आदि आग में जलकर राख हो गए. स्थानीय लोगों ने मामले की जानकारी जन सेवा केंद्र के संचालक को दी जिसके बाद ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया. इस दौरान कोई हताहत नहीं हुई लेकिन लाखों का माल आग की भेंट चढ़ गया.
श्यामपुर जट्ट गांव में सौरव सिरोही जन सेवा केंद्र का संचालन करते हैं. बुधवार की रात वह सामान्य दिनों की तरह जन सेवा केंद्र पर ताला लगा कर अपने घर चले गए कि रात में किसी समय जन सेवा केंद्र में भयंकर आग लग गई. ग्रामीणों ने केंद्र से धुआं निकलते हुए देखा तो सौरव सिरोही को मामले से अवगत कराया. इसी बीच सौरभ भी जन सेवा केंद्र पर पहुंच गए जहां आग का भयानक रूप देखकर सभी ग्रामीण आग को बुझाने में जुट गये. इस बीच केंद्र में रखा लैपटॉप, फर्नीचर, इनवर्टर, बैटरी, जरूरी कागजात, विद्युत उपकरण आदि जलकर खाक हो गए. आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है. मिली जानकारी के अनुसार इस दौरान लगभग दो लाख रुपए का नुकसान हो गया.






















