
शिक्षिकाओं ने किया वृक्षारोपण, लिया पौधों की देखभाल का संकल्प
हापुड़,सीमन (ehapurnews.com): विश्व पर्यावरण दिवस के पावन अवसर पर बीएसएनएल (BSNL) कॉलोनी, हापुड़ में प्रकृति संरक्षण और पर्यावरण जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शुक्रवार को वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम ‘सूर्यकांति फाउंडेशन’ के तत्वावधान में बेसिक शिक्षा विभाग की शिक्षिकाओं के सहयोग से संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी लोगों ने न केवल नए पौधों का रोपण किया, बल्कि पर्यावरण को हरा-भरा और सुरक्षित बनाने के लिए इन पौधों की निरंतर देखभाल और उन्हें पूर्ण वृक्ष बनाने का दृढ़ संकल्प भी लिया।
सूर्यकांति फाउंडेशन के वरिष्ठ प्रतिनिधि राम कुमार एवं उनकी धर्मपत्नी श्रीमती तृप्ता पासी ने समाज को पर्यावरण के प्रति जागरूक होने का संदेश दिया। उनके साथ ही बेसिक शिक्षा विभाग की शिक्षिकाओं ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया और समाज के सामने एक अनूठी मिसाल पेश की।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से शिक्षिका आशा चौधरी, कमलेश रानी, शीतल सैनी, अरुणा राजपूत, चित्रा,डॉ. रेणु देवीऔर सुमन लता आदि शामिल रहीं। सभी प्रबुद्ध शिक्षिकाओं ने इस बात पर जोर दिया कि केवल वृक्ष लगाना ही काफी नहीं है, बल्कि एक मां की तरह उनका पालन-पोषण करना भी हम सभी का नैतिक दायित्व है।
सूर्यकांति फाउंडेशन के श्री राम कुमार ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि, “पेड़-पौधे हमारे जीवन का आधार हैं। आज ग्लोबल वार्मिंग के इस दौर में हमें अपनी आने वाली पीढ़ियों के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने होंगे और पर्यावरण का संतुलन बनाए रखना होगा।”
यह कार्यक्रम समाज को पर्यावरण के प्रति संवेदनशील बनाने और धरती को हरा-भरा रखने के संकल्प के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
Dhanwantari Distributors का Immurich Capsule अब घर पर बैठे मंगवाएं: 9837700010
























