
सूदखोरों के आतंक से तंग आकर 52 वर्षीय किसान ने खाया जहर, फाइनेंस कर्मियों पर लगा प्रताड़ना का गंभीर आरोप
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com):जनपद हापुड़ के थाना सिम्भावली क्षेत्र स्थित गांव माधापुर से एक बेहद चिंताजनक खबर सामने आ रही है। यहां कर्ज और ब्याज के मकड़जाल में फंसे एक किसान ने सूखों (फाइनेंस कर्मियों/सूदखोरों) के उत्पीड़न से तंग आकर अपनी जान दे दी है। यह पूरा मामला हापुड़ के सिंभावली थाना क्षेत्र के माधापुर गांव का है।
मृतक किसान की पहचान 52 वर्षीय जयप्रकाश के रूप में हुई है। परिजनों का आरोप है कि जयप्रकाश ने फाइनेंस कंपनी और कुछ लोगों से ब्याज पर ऋण लिया था। वे लगातार नियम के मुताबिक किस्त भी जमा कर रहे थे, लेकिन पिछले एक महीने से आर्थिक तंगी के चलते वह किस्त नहीं चुका पाए।
बस फिर क्या था, आरोप है कि इसके बाद से ही वसूली करने वाले लोग लगातार उन्हें फोन पर और घर आकर प्रताड़ित करने लगे। उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया, जिससे वह मानसिक रूप से बेहद परेशान चल रहे थे। डर के मारे किसान पिछले करीब दस दिनों से घर भी नहीं आ रहे थे।
बेटे विशाल ने रोते हुए बताया कि सोमवार की सुबह जब किस्त वसूलने वाले लोग फिर से घर आए, तो उन्होंने उनके पिता के साथ सबके सामने अभद्रता और अपमान किया। इस अपमान को जयप्रकाश सहन नहीं कर सके और उन्होंने घर में ही जहरीला पदार्थ खा लिया। आनन-फानन में उन्हें मेरठ अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद से पत्नी कविता और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
दिल्ली की डॉ शूची तनेजा दुआ अब हापुड़ शहर में: 70177 32103 || फ्री गंज रोड, हापुड़
























