
किसानों की समस्याओ के हल के लिए किसान संगठन मैदान में
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com):भारतीय किसान यूनियन (धनसिंह कोतवाल) के किसानों के एक प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को जनपद की सीडीओ व अन्य प्रशासनिक अफसरों को एक दस सूत्रीय ज्ञापन देकर किसानो व किसान परिवारो की समस्याओ के हल की मांग की।यह ज्ञापन सूबे के मुख्य मंत्री को सम्बोधित है।
किसानो ने ज्ञापन मे कहा है कि किसान देश एवं प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है, परंतु वर्तमान समय में वह आर्थिक, सामाजिक एवं तकनीकी चुनौतियों से जूझ रहा है।किसानो की समस्याओ को प्राथमिकता के आधार पर हल करने का प्रयास करे।उनकी प्रमुख मांग है कि
सभी प्रमुख फसलों पर न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) की कानूनी गारंटी सुनिश्चित की जाए। किसानों को ब्याज मुक्त कृषि ऋण उपलब्ध कराया जाए तथा छोटे एवं सीमांत किसानों के कृषि ऋण माफ किए जाएं।डीजल, बिजली, खाद एवं बीज पर विशेष अनुदान देकर खेती की लागत कम की जाए।फसल बीमा योजना को सरल एवं पारदर्शी बनाकर आपदा प्रभावित किसानों को समयबद्ध मुआवजा दिया जाए।
आवारा पशुओं की समस्या का स्थायी समाधान कर किसानों की फसलों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।नहरों, राजवाहों एवं अन्य सिंचाई संसाधनों की नियमित सफाई एवं मरम्मत कर पर्याप्त सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराई जाए।प्रत्येक विकासखंड स्तर पर मिट्टी की गुणवत्ता (Soil Health) जांच केंद्र स्थापित किए जाएं तथा किसानों को निःशुल्क मिट्टी परीक्षण रिपोर्ट एवं वैज्ञानिक सलाह उपलब्ध कराई जाए।किसानों के बच्चों के लिए निःशुल्क करियर काउंसलिंग केंद्र स्थापित किए जाएं ताकि उन्हें शिक्षा एवं रोजगार के उचित अवसर मिल सकें। किसानों को खाद खरीदने व फसल बेचने के लिए ऑनलाइन टोकन की व्यवस्था को बंद किया जाए और पुरानी साधारण व्यवस्थाओं को बहाल किया जाए।गन्ना किसानों का भुगतान निर्धारित समय सीमा के भीतर सुनिश्चित किया जाए तथा विलंब होने पर ब्याज सहित भुगतान कराया जाए।
किसानो ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगो को अविलंब पूरा नही किया जाता है तो किसान संगठन आंदोलन के लिए बाध्य होगा।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष अवनीश कसाना,पवन कसाना,अनुज हुण,राहुल कसाना,नरेश नानपुर,अफजाल व अजय आदि किसान उपस्थित थे।
कारपेंटर के कमीशन से पाए छुटकारा, होम बॉस हार्डवेयर से खरीदें दरवाजे की कुंडी: 9568911464























