हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): हापुड़ के विभिन्न क्षेत्र दुर्गा अष्टमी के अवसर पर बुधवार की शाम को आस्था के रंग में रंग गए। बुलंदशहर रोड पर स्थित श्री मनसा देवी मंदिर के प्रांगण से पंखा महोत्सव शोभायात्रा धूमधाम से निकाली गई। शोभायात्रा में झांकियों ने सभी श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। शोभा यात्रा को देखने के लिए दूर-दूर से श्रद्धालु हापुड़ पहुंचे और पुष्प वर्षा कर यात्रा का स्वागत किया। इस अवसर पर भक्त मैय्या का गुणगान करते चल रहे थे जहां कलाकारों ने भजनों पर जमकर नृत्य किया और आस्था का परिचय दिया। श्री मनसा देवी मंदिर से शुरू हुई पंखा यात्रा हापुड़ के कोठी गेट, कसेरठ बाजार, बाजार बजाज, छोटी मंडी, बड़ी मंडी, मेरठ गेट पुलिस चौकी, सर्राफा बाजार, पुराना बाजार, पीरबाऊद्दीन से होते मनसा देवी मंदिर प्रांगण पहुंची जहां यात्रा ने विश्राम किया। इस अवसर पर शिव कुमार मित्तल, महेश तोमर, अनुज मित्तल, सुरेश चंद आदि उपस्थित रहे। श्रद्धालुओं ने शोभायात्रा में माता के डोले को खींचा और अपनी आस्था का परिचय दिया। यात्रा को देखते हुए पुलिस का कड़ा पहरा रहा। यात्रा जिस भी मार्ग से निकली माहौल पूरी तरह भक्तिमय हो गया।






















