हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): हापुड़ के विभिन्न क्षेत्रों में निकली मां चंडी जी की पालकी यात्रा राम नवमी के अवसर पर थोड़ी अलग थी लेकिन काफी भव्य थी… जिसने भी पालकी यात्रा को देखा वह मैया के दर्शन करने पहुंचा। गुरुवार को निकली पालकी यात्रा में 17 साल के एक किशोर ने अपनी कला का प्रदर्शन कर मिट्टी से मां चंडी महारानी की पिंडी बनाई और सोने की बरक से श्रृंगार किया। पालकी यात्रा में भक्तों ने चंडी मैया का आशीर्वाद लिया और भोग लगाया। चंडी मैया की यह पिंडी श्री चंडी मंदिर में रहने वाले हजारीलाल के 17 साल के बेटे गणेश ने बनाई है। गणेश ने बताया कि नवरात्रि के प्रथम दिन उन्होंने करीब चार घंटे में इस पिंडी को बना कर तैयार किया। भक्तों ने राम नवमी के अवसर पर इसके दर्शन किए। वहीं चंडी मैया की पालकी को भी मोर के पंखों से सजाया गया जिससे पालकी बेहद आकर्षक लग रही थी। मां आद्यशक्ति श्री चंडी जी पालकी सेवा समिति हापुड़ द्वारा पालकी यात्रा श्री चंडी धाम से प्रारंभ होकर राधापुरी से विवेक विहार से होते हुए श्री चंडी धाम पहुंची जहां यात्रा ने विश्राम किया।






















