हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : उत्तर प्रदेश की लखीमपुर पुलिस जल्द ही जनपद हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर में पहुंचकर डॉ वंदना हत्याकांड के मामले में जानकारी हासिल कर सकती है। दरअसल जनपद हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर में शव का चोरी-छिपे अंतिम संस्कार किया गया था जिसके चलते पोस्टमार्टम नहीं हुआ था। ऐसे में उम्मीद है कि लखीमपुर पुलिस मामले में गढ़मुक्तेश्वर पहुंच सकती है और जांच करेगी।
आपको बता दें कि लखीमपुर के मोहल्ला बहादुरगढ़ निवासी डॉ आशुतोष अवस्थी तथा डॉ वंदना अवस्थी ने सीतापुर रोड पर गौरी नाम का अस्पताल खोला था। प्रैक्टिस के दौरान पति-पत्नी में विवाद बढ़ गया जिसके बाद डॉक्टर वंदना लखीमपुर में एक अस्पताल में प्रैक्टिस करने लगी। आरोप है कि पति और ससुर ने मिलकर डॉ वंदना की बेरहमी से पिटाई की और मौत के घाट उतार दिया। इसके बाद दोनों ने बक्से में शव को रखा और गढ़मुक्तेश्वर लाकर अंतिम संस्कार कर दिया। लखीमपुर पुलिस ने मंगलवार को मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी पति और ससुर को जेल भेज दिया तथा दोनों की निशानदेही पर संदूक को भी बरामद कर लिया जो कि डॉ आशुतोष को शादी में दहेज में मिला था। लखीमपुर पुलिस जल्द ही जनपद के गढ़मुक्तेश्वर पहुंचकर जांच कर सकती है।
बॉडी बिल्डिंग के लिए खरीदें 100% ओरिजिनल सप्लीमेंट: 9639279522






















