
लापरवाही बरतने पर डीएसओ डॉ. सीमा बालियान को DM ने जारी किया कारण बताओं नोटिस
हापुड़, सीमन/ संजय कश्यप (ehapurnews.com): प्रशासनिक कार्यों में लापरवाही व जनसुनवाई की शिकायतों के निस्तारण में उदासीनता बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ जिलाधिकारी कविता मीना ने कड़ा रुख अपनाया है। जिला पूर्ति अधिकारी डॉ. सीमा बालियान को कारण बताओं नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है। नोटिस में बिना पूर्व अनुमति कार्यालय से समय से पहले जाने और जन शिकायतों के समाधान में लापरवाही को गंभीर अनुशासनहीनता माना गया है।
बताया जा रहा है कि 20 जुलाई को मुख्यमंत्री समीक्षा बैठक की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग आयोजित की गई थी। बैठक में प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना में जिले की 75वीं रैंक सहित अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा होनी थी जिसमें जिला पूर्ति अधिकारी को उपस्थित रहने के निर्देश दिए थे लेकिन बैठक के दौरान पता चला कि वह कार्यालय से जा चुकी थी। नोटिस में बताया गया है कि उन्होंने निर्धारित समय से पहले कार्यालय छोड़ने की अनुमति नहीं ली जो सरकारी सेवा आचरण नियमों का उल्लंघन है। इसी के साथ 21 जुलाई को मोहल्ला इंद्रगढ़ी की इशरत बेगम की शिकायत पर राशन डीलर के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई। इसके बाद जिलाधिकारी ने गंभीरता मानते हुए डीएसओ को नोटिस जारी किया है। संतोषजनक जवाब न मिलने पर उचित कार्रवाई की जाएगी।
कमल डोसा प्लाजा पर चखें मधुबन बड़ा व स्वादिष्ट डोसे का स्वाद: 7017570838, 7668606012*






















