हापुड़, सीमन/सूवि (ehapurnews.com): जिलाधिकारी अनुज सिंह ने मुख्य विकास अधिकारी उदय सिंह के साथ कलेक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को जनपद के निर्माण कार्यो की बैठक करते हुए सभी निर्माण एजेंसियों को दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने निर्माण एजेंसियों के अभियंताओं से कहा यदि बजट का अभाव है तो ही निर्माण कार्य रोके साथ ही उसके लिए भी शासन से पत्राचार करते रहे। निर्माण कार्यों को गम्भीरता से लें। जिलाधिकारी ने कहा कि वन स्टाॅप सेंटर के निर्माण कार्य पूर्ण हो जाने पर संबंधित कार्यदायी संस्था प्रोबेशन विभाग को हस्तगत करा दें। बाबूगढ़ में उच्च हिमीकृत वीर्य उत्पादन केन्द्र के घटिया निर्माण को लेकर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने पशु चिकित्सा अधिकारी से कहा कि आपके विभाग के संयुक्त निदेशक की देख-रेख यह केन्द्र तैयार किया गया लेकिन उनके शासकीय कार्यो में रूचि न लेने के कारण उनके खिलाफ कार्यवाही हेतु प्रमुख सचिव से पत्राचार किया जाये। जिलाधिकारी ने बुलन्दशहर रोड़ पर जल निगम द्वारा खोदी गयी टूटी हुई सड़क को अभी तक ठीक न किये जाने पर सम्बन्धित अधिकारी से नाराजगी व्यक्त की और कहा कि कल तक टूटी सड़क का निर्माण कार्य पूर्ण कराये। जिलाधिकारी ने सिडको निर्माण दाई संस्था को निर्देश दिए कि उप निबंधक कार्यालय का निर्माण कार्य पूर्ण हो जाने पर माह नवम्बर के द्वितीय सप्ताह में संबंधित विभाग को हस्तगत कर दें। बैठक में एक्सन कार्यदायी संस्था ने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बहादुरगढ़ का निर्माण कार्य समाप्ति पर है और कान्हा गौशाला गढ़मुक्तेश्वर का निर्माण कार्य पूर्ण किया जा चुका हैं। बैठक में ए0एम0ए जिला पंचायत आरती मिश्रा, एक्सन पीडब्ल्यूडी, जल निगम, जिला विद्यालय निरीक्षक के प्रतिनिधि, मुख्य पषु चिकित्सा अधिकारी सहित निर्माण दायी संस्थाओं के अधिकारी उपस्थित रहें। बैठक का संचालन जिला सांख्यिकी अधिकारी विनायक शर्मा ने किया।























