श्रद्धालुओं ने दीपदान कर निर्धनों को भोजन कराया
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : उत्तरी भारत का प्रमुख पौराणिक तीर्थस्थल गढ़मुक्तेश्वर व बृजघाट गंगा किनारे सोमवार को दिन छिपते ही लाखों श्रद्दालुओं ने गंगा में स्नान किया और पूर्वजों की आत्मशांति के लिए दीपदान किया।
सोमवार को जैसे ही दिन छिपने लगा तो गंगा तट पहुंचे श्रद्धालुओं में कार्तिक मास की पूर्णिमा से एक दिन पहले, गंगा में स्नान कर दीपदान करने की होड़ लग गई। पूर्वजों की आत्म शांति के लिए बड़ी तादात में श्रद्धालु उत्तर प्रदेश, हरियाणा, राजस्थान व पंजाब आदि प्रांतों से पहुंचे थे, जो अनेकता व एकता का दृश्य उत्पन्न कर भारतीय व सनातन संस्कृति में अपनी अटूट आस्था व्यक्त कर रहे थे।
श्रद्धालुओं ने दीपदान के बाद गरीबों, असहाय लोगों को भोजन कराया और वस्त्र, अन्न आदि दान किया। गंगा में जगमगाते दीपों की श्रृंखला गंगा जल में बहुत ही अनोखी व अद्भुत छटा बिखेर रही थी, जो श्रद्धालुओं को अपनी ओर आकर्षित कर रही थी। श्रद्धालुओं ने दीपदान कर मां गंगा से परिवार, देश व विश्व में सुख शांति की स्थापना की मांग की और कहा कि हे मां गंगे परिवार व देश को सदैव रोगों से दूर रखें और विश्व का कल्याण हो। दीपदान के बाद बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने अपने-अपने घरों को लौटना शुरु कर दिया।





















