
दो मकानों में हुई चोरी के मामले में कार्रवाई की मांग
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के हरनाथपुर कोटा गांव में चोरों ने दो घरों को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की नकदी और आभूषण चोरी कर लिए। घटना के बाद पीड़ितों ने हापुड़ के एसपी से शिकायत कर मुकदमा दर्ज कराने और चोरी का खुलासा करने की मांग की है।
गांव निवासी बंटी पुत्र श्यामलाल ने बताया कि 11 अगस्त की रात करीब दो से तीन बजे अज्ञात चोर उनके घर में घुसे। चोर घर से करीब 34 हजार रुपये की नकदी के अलावा सोने के कुंडल, बालियां, पैरों की पाजेब, सोने का ओम पेंडल समेत अन्य आभूषण चोरी कर ले गए। पीड़ित के अनुसार चोरी हुए सामान की कुल कीमत करीब चार से पांच लाख रुपये है।
वहीं इसी गांव में बालेश्वरी पत्नी बिरम सिंह के घर में भी चोरी की वारदात हुई। आरोप है कि चोर उनके घर से सोने की बालियां और चांदी के आभूषण समेत लाखों रुपये का सामान चोरी कर ले गए।
पीड़ितों का आरोप है कि उन्होंने 11 अगस्त को ही पुलिस को घटना की शिकायत दी थी, लेकिन मुकदमा दर्ज करने के बजाय मामले में लीपापोती की गई। अब दोनों पीड़ितों ने एसएसपी से अज्ञात चोरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर चोरी का खुलासा करने और चोरी हुआ सामान बरामद कराने की मांग की है।
लगातार दो घरों में चोरी की वारदात से ग्रामीणों में भी चिंता का माहौल है। पुलिस से जल्द घटना का खुलासा करने की मांग की जा रही है।
होलसेल दामों पर खरीदें व बनवाएं कस्टमाईज़ड टाइल्स: 8449930105, 9837824010



















