
पानी लेने उतरे दिल्ली के युवक की ट्रेन में चढ़ते समय गिरकर मौत
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com):हापुड़ रेलवे स्टेशन से एक बेहद दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। ट्रेन में सफर के दौरान पानी की बोतल लेने नीचे उतरे एक युवक की चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश के दौरान जान चली गई। मृतक की पहचान दिल्ली के करमपुरा निवासी 34 वर्षीय सचिन कुमार पांडे के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक, दिल्ली के कर्मपुरा के रहने वाले सचिन कुमार पांडे शनिवार शाम लखनऊ मेल से अपनी पत्नी को लेने लखनऊ जा रहे थे। ट्रेन जब हापुड़ रेलवे स्टेशन पहुंची, तो सचिन पानी की बोतल लेने के लिए प्लेटफॉर्म पर उतरे। इसी दौरान लखनऊ मेल स्टेशन से चलने लगी।
ट्रेन को छूटता देख सचिन ने दौड़कर चलती ट्रेन में चढ़ने का प्रयास किया। बताया जा रहा है कि एक हाथ में पानी की बोतल होने की वजह से उनका संतुलन बिगड़ गया और पैर फिसलने से वह ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच आ गए। हादसा इतना भयानक था कि सचिन की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
जीआरपी और पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी (GRP) ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक के भाई वरुण कुमार पांडे ने बताया कि सचिन की शादी दो साल पहले ही हुई थी। रविवार दोपहर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
इस दुखद घटना ने एक बार फिर यात्रियों को सतर्क रहने का संदेश दिया है। चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने का प्रयास जानलेवा साबित हो सकता है।
कमल डोसा प्लाजा पर चखें मधुबन बड़ा व स्वादिष्ट डोसे का स्वाद: 7017570838, 7668606012*




















