
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): दिल्ली के लाल किला परिसर से चोरी हुए करीब एक करोड़ रुपए के कीमती सामान के मामले में दिल्ली पुलिस ने मंगलवार को भी हापुड़ के सराफा बाजार में दोपहर के समय दबिश दी। विश्वसनीय सूत्रों ने बताया कि दिल्ली पुलिस ने तीन से चार व्यापारियों को हिरासत में लिया है जिनसे पुलिस सख्ती से पूछताछ कर रही है। खबर लिखे जाने तक दिल्ली पुलिस हापुड़ के सर्राफा बाजार में पापड़ वाली गली के पास हिरासत में लिए गए व्यापारियों से कड़ाई से पूछताछ कर रही है। मौके पर कुछ अन्य व्यापारी भी मौजूद हैं।
बताते चलें कि दिल्ली पुलिस ने रविवार की देर रात हापुड़ की वैशाली कॉलोनी निवासी भूषण वर्मा को गिरफ्तार किया था जिसने कलश चोरी किया था। वहीं हापुड़ के जवाहर गंज निवासी अंकित पाटिल ने सोने को गलाया था जबकि हापुड़ के ब्रह्मनान निवासी गौरव कुमार वर्मा ने यह सोना खरीदा था। दिल्ली पुलिस ने सोमवार को अंकित पाटिल और गौरव कुमार वर्मा को भी गिरफ्तार कर लिया। दिल्ली पुलिस एक आरोपी को साथ लेकर हापुड़ पहुंची जहां उसने कुछ अन्य व्यापारी को उठाया और उनसे पूछताछ की जा रही है।






















