
ग्राहक बनकर आए शातिर चोर: मुंह में दबाकर पार की सोने की बाली, फुटेज देखकर उड़े सर्राफ के होश
हापुड़, सीमन(ehapurnews.com):गढ़मुक्तेश्वर से चोरी का एक बेहद अनोखा और हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक ज्वेलरी शॉप पर ग्राहक बनकर पहुंची महिला ने बड़े ही शातिराना अंदाज में सोने की बाली चोरी कर ली। चोरी का यह पूरा तरीका इतना अजीबो-गरीब था कि दुकानदार को भनक तक नहीं लगी, लेकिन दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में यह पूरी करतूत कैद हो गई।
मामला बदरखा गांव का है, जहां कासिफ नाम के सर्राफ अपनी दुकान चलाते हैं। रविवार को उनकी दुकान पर एक महिला और पुरुष ग्राहक बनकर पहुंचे और सोने की बालियां दिखाने को कहा। दुकानदार जब उन्हें अलग-अलग डिजाइन और वजन की बालियां दिखा रहा था, तभी मौका पाकर महिला ने चुपके से एक बाली उठाकर अपने मुंह में छिपा ली। इसके बाद दोनों आरोपियों ने कुछ देर में वापस आकर सामान खरीदने का बहाना बनाया और दुकान से बाहर निकल गए।
आरोपियों के जाने के बाद जब सर्राफ को बाली कम होने का शक हुआ, तो उन्होंने तुरंत दुकान के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज देखते ही उनके होश उड़ गए—उसमें साफ दिख रहा था कि कैसे महिला ने सफाई से बाली को अपने मुंह में दबा लिया था।
पीड़ित दुकानदार की सूचना पर पुलिस ने मामले का संज्ञान ले लिया है। सीओ राहुल यादव के मुताबिक, सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को ट्रेस कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
कारपेंटर के कमीशन से पाए छुटकारा, होम बॉस हार्डवेयर से खरीदें दरवाजे की कुंडी: 9568911464

























