
दलित छात्रा के उत्पीड़न के विरोध में कांग्रेसी सड़क पर
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): उत्तर प्रदेश के महोबा जनपद में नीट परीक्षा की तैयारी में जुटी एक दलित छात्रा के कथित अपहरण और एक पखवाड़ा तक बंधक बनाकर रखने के विरोध में सोमवार को हापुड़ के कांग्रेसियों ने जिला कलेक्ट्रेट पर धरना देकर प्रदर्शन किया और आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार हर मोर्चे पर फेल साबित हो रही है तथा पुलिस के निकम्मापन के कारण सूबे में अपराध बढ़ रहे हैं। उत्तर प्रदेश में बेटी सुरक्षित नहीं है और सरकार का बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ का नारा खोखला साबित हो रहा है।
जिला कांग्रेस हापुड़ के जिला अध्यक्ष राकेश त्यागी व शहर अध्यक्ष इरफान कुरैशी के नेतृत्व के विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी व कार्यकर्ता बड़ी तादात में सोमवार को हापुड़ में जिला कांग्रेस दफ्तर पर एकत्र हुए। महोबा में दलित छात्रा के अपहरण के विरोध में कांग्रेस ने जिला कलेक्ट्रेट की और कूच किया। कांग्रेसी हाथों में कांग्रेस का झंडा तथा सरकार विरोधी नारे लिखी तख्तियां लिए थे। सरकार विरोधी नारेबाजी करते हुए कांग्रेस का यह कूच कलेक्ट्रेट पहुंचा जहां उन्होंने धरना देकर प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारी कांग्रेसियों ने कलेक्ट्रेट पर एक ज्ञापन देकर मांग की कि दलित छात्रा का उत्पीड़न करने वाले आरोपियों की गिरफ्तारी की जाए और उन्हें कड़ी सजा दी जाए। इस अवसर पर रामलाल आर्य, रश्मि चौधरी, अरविंद शर्मा, गौरव गर्ग, सीमा शर्मा, विनोद जाटव, कपिल शर्मा, नफीस खां, रघुवीर सिंह एडवोकेट आदि उपस्थित थे।
Dhanwantari Distributors का Immurich Capsule अब घर पर बैठे मंगवाएं: 9837700010
























