
प्लाईवुड फैक्ट्री से मिले अनुदानित यूरिया का मामला: वाहन चालक व फैक्ट्रीकर्मी पर मुकदमा दर्ज कर इतिश्री, मालिक बच निकला
हापुड़, सीमन/ संजय कश्यप (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के देहात क्षेत्र में स्थित ततारपुर औद्योगिक क्षेत्र में स्थित NT इंडस्ट्रीज नाम की प्लाईवुड फैक्ट्री में जिला कृषि विभाग की टीम ने छापामार कार्रवाई कर एक वाहन से 25 कट्टे अनुदानित यूरिया बरामद किया था। 9 जुलाई को विभाग द्वारा की गई इस कार्रवाई से हड़कंप मच गया। मौके पर जिला कृषि अधिकारी गौरव प्रकाश, नायब तहसीलदार हापुड़ श्वेता छापड़िया आदि ने मिलकर कार्रवाई की थी जहां से बरामद हुए अनुदानित यूरिया के 25 कट्टो और वाहन को सीज कर पुलिस के सुपुर्द किया गया। अचम्भे की बात तो यह है कि पुलिस ने वाहन चालक और फैक्ट्री में मिले कर्मचारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है लेकिन फैक्ट्री मालिक का नाम FIR में कहीं भी नहीं है। ऐसे में फैक्ट्री का मालिक अधिकारियों की लापरवाही के कारण बेखौफ घूम रहा है। वहीं जिला कृषि अधिकारी गौरव प्रकाश ने स्पष्ट कह दिया है। मामले में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी। फैक्ट्री मालिक भी रडार पर है। बताते चलें कि पुलिस ने फरार वाहन चालक और फैक्ट्री में मिले कर्मचारी रनपाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
एनटी इंडस्ट्रीज नाम की प्लाईवुड फैक्ट्री ततारपुर औद्योगिक क्षेत्र में स्थित है जिसका संचालक नीम कोटेड यूरिया का प्लाईवुड फैक्ट्री में इस्तेमाल कर रहा था जो कानून का खुला उल्लंघन है। कृषि विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए भले ही नीम कोटेड यूरिया का इस्तेमाल करने वाली फैक्ट्री का खुलासा किया है लेकिन फैक्ट्री मालिक कागजों में बच निकला। ऐसे में विभाग की कार्यशाली सवालों के कटघरे में खड़ी है। ऐसा लगता है मानो फैक्ट्री मालिक को बचाया जा रहा है। वही बता दें कि फैक्ट्री में 50 से अधिक मजदूर अपने परिवार व पशुओं के साथ रह रहे थे जिस कारण फैक्ट्री को सील नहीं किया गया।
कैलकुलेटर से भी तेज दौड़ेगा दिमाग, सीखें अबेकस (Abacus) व वैदिक मैथ्स (Vedic Maths) 9219237480

























