विवाहिता की मौत का मामला, मायके वालों ने लगाया दहेज हत्या का आरोप
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना सिंभावली क्षेत्र के गांव अनूपपुर डिबाई में चार दिन पहले संदिग्ध दिशा में एक विवाहिता की मौत हो गई थी। मृतका के घर वालों ने ससुराल पक्ष के लोगों पर दहेज हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी है।
बुलंदशहर के स्याना चौधरीयान मोहल्ले के रहने वाले इस्लाम खान ने बताया कि चार साल पहले उसकी बेटी फरुखनाज की शादी डिबाई के रहने वाले वाहिद पुत्र शाहदत के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग अतिरिक्त दहेज की मांग करने लगे। इसी दौरान विवाहिता ने एक बेटे को जन्म दिया। इसके पश्चात भी ससुराल पक्ष के लोगों का व्यवहार नहीं बदला और वह आए दिन पीड़िता के साथ मार पिटाई करते। महिला गर्भवती हुई तो ससुराल पक्ष के लोगों ने जबरन गर्भपात करा दिया। मृतका के पिता ने बताया कि 14 मई को एक अज्ञात नंबर से उसे सूचना मिली कि ससुराल वालों ने बेटी को जहरीला पदार्थ खिला दिया है। सूचना पर वह मेरठ अस्पताल पहुंचे। इसके बाद ससुराल पक्ष के लोग बेटी का शव छोड़ वहां से फरार हो गए। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
हापुड़: सुपर 99 से खरीदें सुपर प्रोडक्ट्स: 6396676540

























