
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने जनवरी में मिलावटी शहद बरामद किया था जो तुंगनाथ ट्रेडर्स का बताया जा रहा है। मिलावटी शहद की रिपोर्ट आ चुकी है। रिपोर्ट में शहद अनसेफ पाया गया। शहद में राइस सिरप की मिलावट पाई गई है। अब मामले में न्यायालय में वाद दर्ज करने की तैयारी की जा रही है। इसके साथ ही जुर्माना भी लगाया जाएगा।
आपको बता दें कि दिल्ली रोड स्थित एक ट्रांसपोर्ट की दुकान के बाहर सड़क पर ही कई सफेद कैन रखी थी। जब इन सफेद कैन के बारे में ट्रांसपोर्टर से जानकारी की गई तो उन्होंने कहा कि कैन में केमिकल भरा है। इसके बाद शक होने पर चैन को खुलवाया गया तो कैन में शहद भरा मिला। ट्रांसपोर्ट पर रखी शहद की यह 50 कैन नवीन मंडी स्थित तुंगनाथ ट्रेडर्स की थी।
इसके बाद सहायक आयुक्त द्वितीय सुनील कुमार के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के अधिकारियों ने 6 जनवरी 2026 को नवीन मंडी के पास स्थित गोदाम पर सभी कैन को लाया गया। सुनील कुमार ने बताया कि तुंगनाथ ट्रेडर्स के संचालक अंकित गर्ग द्वारा हरियाणा से प्लास्टिक की केन में खरीदकर शहद लाया जाता था। इसके बाद शहद को हापुड़ जिले से ट्रेडिंग करके आंध्र प्रदेश सहित अन्य राज्यों में बिक्री होती है। निरीक्षण के दौरान शहद पर किसी प्रकार का मार्का नहीं लगा था। यहां तक की शहद के डिब्बो पर कोई एक्सपायरी और लेबल भी नहीं लगा हुआ था। शहद को सीज कर जांच के लिए रिपोर्ट प्रयोगशाला भेजी गई। जांच में रिपोर्ट फेल पाई गई। शहद में प्रतिबंधित राइस सिरप की मिलावटी पाई गई। मिलावटी शहद शरीर के अंगों को नुकसान पहुंचता है। लोग इसका इस्तेमाल दवा के रूप में भी लेते हैं। मिलावटी शहद ब्लड शुगर बढ़ाता है और इम्यूनिटी कमजोर करता है। अब मामले में न्यायालय में वाद दर्ज करने की तैयारी है।
Brainwaves International School: Admissions Open 2026-27 (Playgroup – Grade XI)

























