
12.71 लाख का फर्जी आईटीसी क्लेम लेने पर मुकदमा
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र में एक फर्म ने किरायानामा लगाकर जीएसटी फर्म पंजीकृत करा ली और सिर्फ कागजों में कारोबार दिखाकर विभाग से 12 लाख 71 हजार रुपए का फर्जी आईसी हड़प लिया। यह फर्जीवाड़ा राज्य कर विभाग की जांच में सामने आया है। विभाग ने फर्म का पंजीकरण रद्द कर पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
राज्य कर विभाग के सहायक आयुक्त जयप्रकाश ने बताया कि 11 सितंबर 2024 को इंपैक्स एलॉयज के नाम से फर्म पंजीकृत हुई। 14 सितंबर 2024 को गाजियाबाद में अतिरिक्त व्यापार स्थल को जोड़ने के लिए विभाग में प्रार्थना पत्र दिया गया। पंजीयन रेकी अभियान के तहत जीएसटी विभाग की टीम ने 9 जुलाई 2025 को पिलखुवा के चंडी मंदिर रोड स्थित पते पर जाकर जांच की तो दुकान बंद मिली और कोई कामकाज नहीं हो रहा था। फर्म मालिक आरीफ खान ने दूसरा पता गाजियाबाद के लोहा मंडी रोड पर बताया।
29 जुलाई को गाजियाबाद की टीम ने वहां जाकर देखा तो उस दौरान कोई दुकान नहीं मिली। वहां एलाइड स्टील ट्रेडर्स नाम की दूसरी दुकान चलती मिली। जांच में साफ हुआ कि फर्म ने सिर्फ कागजों पर दुकान दिखाकर जीएसटी की अनुमति ली और बिना असली कारोबार किए फर्जी बिल बनाकर टैक्स का फायदा लिया जिससे सरकारी खजाने को नुकसान हुआ। टीम ने 12 लाख 71 हजार रुपए की आईटीसी को ब्लॉक कर जीएसटी पंजीयन निरस्त कर दिया है।
जुगल बैकरी से खरीदें बेकरी बिस्कुट, केक, पेस्ट्री, मिल्क ब्रेड, बर्गर, कुलचे आदि: 9897892601
























