हापुड़, सीमन/अशोक तोमर (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना देहात क्षेत्र के पटना मुरादपुर बिजली घर पर बुधवार की सुबह करीब सात बजे दो लोग बिजली घर में दीवार फांदकर घुस आए और बिजली कर्मियों के साथ मारपीट की। शोर सुनकर दोनों दीवार कूदकर भाग खड़े हुए। बताया जा रहा है कि दोनों आरोपी बिजली कर्मियों से पहले भी मारपीट कर चुके हैं। बिजली कर्मियों ने डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को मामले से अवगत कराया।
जूनियर इंजीनियर आनंद मौर्य ने बताया कि बुधवार की सुबह करीब 7:00 बजे बिजली सप्लाई बंद होने पर बिजली घर के पीछे रहने वाले दो लोग दीवार कूद कर बिजली घर में घुस आए। ड्यूटी कंट्रोल में तैनात स्टाफ के साथ मारपीट की। इस दौरान दरवाजा, जाली, कुर्सी, मेज आदि तोड़ दिए। अन्य कर्मियों को आता देख दोनों दीवार कूद कर वापस से भाग खड़े हुए। जेई आनंद मौर्य ने बताया कि दोनों ही बिजली घर के पीछे की ओर रहते हैं जो पूर्व में भी इस तरह की घटना को अंजाम दे चुके हैं लेकिन तब समझौता हो गया था। फिलहाल आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए बिजली कर्मी तहरीर देने की बात कर रहे हैं।
चर्म रोग, गुप्त रोग व एलर्जी के लिए संपर्क करें डॉ शिशिर गुप्ता: 9719123457























