
गर्भवती से बर्बरता: घर में घुसकर पीटा और लूटे कुंडल, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com):हापुड़ के नगर कोतवाली क्षेत्र स्थित रफ़ीकनगर से इंसानियत को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। आरोप है कि पड़ोसियों ने मामूली विवाद के बाद एक गर्भवती महिला के साथ बर्बरता की, उसके पेट में लाते मारीं और सोने के कुंडल भी छीन लिए। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर 5 आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रफ़ीकनगर निवासी पीड़िता मुस्कान के अनुसार, 29 सितंबर की सुबह करीब 10 बजे बच्चों की बात को लेकर पड़ोसी सलमान और उसकी पत्नी से कहासुनी हुई थी। उस समय तो पड़ोसियों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया, लेकिन आरोपियों ने अंजाम भुगतने की धमकी दी थी।
आरोप है कि उसी दिन सुबह करीब 11 बजे सलमान अपने साले पिंटू, फौजी, पत्नी रेशमा और गुल्लो के साथ जबरन मुस्कान के घर में घुस आया। जब पीड़िता ने गाली-गलौज का विरोध किया, तो आरोपियों ने उसे जमीन पर पटक दिया और लात-घूंसों से उसकी बुरी तरह पिटाई कर दी। गर्भवती होने के बावजूद दबंगों ने उसके पेट में लात मारी और उसके कानों के सोने के कुंडल छीनकर फरार हो गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सीओ दीपक चतुर्वेदी ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
कैलकुलेटर से भी तेज दौड़ेगा दिमाग, सीखें अबेकस (Abacus) व वैदिक मैथ्स (Vedic Maths) 9219237480





















