हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना धौलाना पुलिस ने 7 अगस्त को हुई एक हत्या का खुलासा करते हुए बुधवार को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी का कहना है कि वह सट्टे लगाने का काम करता है और मृतक ताहिर ने आरोपी माहिर उर्फ लंबू के पास सट्टा लगाया था। पैसे के लेनदेन को लेकर माहिर उर्फ लंबू ने ताहिर की हत्या कर दी जिसका शव झाड़ियों में छुपा दिया।
बता दें कि मामला 8 अगस्त का है जब धौलाना क्षेत्र थाना पुलिस को करणपुर जट गांव को जाने वाले रास्ते पर झाड़ियों में एक शव मिला जिसकी पहचान ताहिर पुत्र याकूब निवासी करणपुर जट के रूप में हुई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की जिसके बाद पुलिस ने बुधवार को खुलासा करते हुए बताया कि उसने अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है जिसका नाम माहिर उर्फ लंबू अब्बास निवासी कस्बा धौलाना जनपद हापुड़ है। पुलिस के अनुसार माहिर ने ताहिर की हत्या को कबूल करते हुए बताया कि वह सट्टा लगाने का काम करता है और हाल ही में ताहिर ने उसके पास सट्टा लगाया था। ताहिर के ₹60000 माहिर को देने थे 6 अगस्त को ताहिर ने पैसों का तकादा किया। फिर 7 अगस्त को दोनों ने साथ बैठकर शराब पी जिसके बाद पैसे के लेनदेन को लेकर गाली गलौज हो गया। गुस्से में माहिर में अंगोछे से ताहिर की मुंह दबाकर हत्या कर दी और शव को खेतों के रास्ते जाकर सड़क किनारे झाड़ियों में छुपा दिया। पुलिस ने बुधवार को आरोपी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।






















