हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): भारतीय किसान यूनियन ने गुरुवार को पुलिस कार्रवाई के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए बहादुरगढ़ थाने पर हंगामा किया। अधिकारियों के समझाने के बाद किसान किसी तरह शांत हुए और धरना समाप्त कर वापस लौट गए। बता दें कि दो बच्चों में किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई जिसके बाद मामला बढ़ गया और थाने तक पहुंच गया।
भाकियू कार्यकर्ता ने बताया कि दो किशोरों में मामूली कहासुनी के बाद विवाद हो गया था। विवाद के बाद दोनों में मारपीट भी हुई थी। इसके बाद मामले की जानकारी पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही पुलिस ने दोनों किशोरों को हिरासत में ले लिया। मीडिया प्रभारी के अनुसार एक पक्ष ने मामले में करीब 4:00 बजे तहरीर दी जिसके बाद पुलिस ने तुरंत ही उसे मेडिकल के लिए भेज दिया जबकि दूसरे पक्ष को उसके करीब 4 घंटे बाद अस्पताल पहुंचाया जिसके बाद भाकियू कार्यकर्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा।
भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं ने थाने पहुंचकर जमकर नारेबाजी की जिसकी सूचना मिलते ही गढ़मुक्तेश्वर एसडीएम और क्षेत्राधिकारी स्तुति सिंह भी बहादुरगढ़ थाने पहुंची और किसानों को कार्रवाई का आश्वासन दिया। आश्वासन के बाद किसानों का धरना समाप्त हुआ।
























