
बाबूगढ़ः रेलवे ट्रैक के पास मिला 26 वर्षीय युवक का शव
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): उत्तर प्रदेश आरक्षी भर्ती परीक्षा में शामिल होने से पहले ही एक युवक का शव रेलवे ट्रैक के पास मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान बाबूगढ़ क्षेत्र निवासी 26 वर्षीय अंकुश उर्फ नितिन पुत्र देवेंद्र कुमार निवासी गांव हविशपुर विकास के रूप में हुई है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पुलिस मामले की हर पहलू से जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, अंकुश सोमवार को होने वाली आरक्षी भर्ती परीक्षा में शामिल होने वाला था। बताया जा रहा है कि रविवार देर रात घर पहुंचने पर उसके पिता ने उसे डांट दिया था। इसके बाद युवक घर से निकल गया। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। सोमवार सुबह बाबूगढ़ क्षेत्र के कनिया फाटक के पास रेलवे ट्रैक के निकट एक युवक का शव मिलने की सूचना से हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान अंकुश के रूप में कराई और परिजनों को सूचना दी। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलु को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। मौके से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
INDRAPRASTHA GROUP OF INSTITUTION: ADMISSIONS OPEN (2026-2027): 9837411225























