
हापुड के आंगनबाड़ी केन्द्रों पर जनगणना-2026 एवं मतदान के प्रति किया जागरूक
हापुड़,सूवि(ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के आंगनबाड़ी केन्द्रों पर ‘जनगणना-2026 जागरूकता’ एवं ‘मतदान जागरूकता अभियान’ का शनिवार को आयोजन किया गया। अभियान का उद्देश्य ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के आम नागरिकों को जनगणना के महत्व, सही एवं सटीक जानकारी उपलब्ध कराने की आवश्यकता तथा लोकतांत्रिक प्रक्रिया में मतदान के महत्व के प्रति जागरूक करना रहा।
अभियान के अंतर्गत जनपद के विभिन्न आंगनबाड़ी केन्द्रों पर आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों, सहायिकाओं एवं स्थानीय महिलाओं द्वारा विभिन्न जागरूकता एवं रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान मेहंदी प्रतियोगिता के माध्यम से महिलाओं एवं बालिकाओं ने ‘मेरा वोट-मेरा अधिकार’ एवं ‘सही जनगणना-देश का विकास’ जैसे संदेशों को आकर्षक रूप से प्रदर्शित किया। इसके अतिरिक्त नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से नागरिकों को जनगणना में सही जानकारी उपलब्ध कराने तथा प्रत्येक मत के महत्व के संबंध में जागरूक किया गया।
इसी क्रम में आंगनबाड़ी केन्द्रों के आसपास जागरूकता रैलियां निकाली गईं तथा उपस्थित नागरिकों को निष्पक्ष, निर्भीक एवं जिम्मेदारीपूर्वक मतदान करने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही जनगणना के दौरान सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराने का संदेश भी दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान जिला स्तरीय अधिकारियों एवं बाल विकास परियोजना अधिकारियों द्वारा विभिन्न आंगनबाड़ी केन्द्रों का निरीक्षण कर आयोजित गतिविधियों का जायजा लिया गया तथा आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों एवं प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया गया। अधिकारियों ने कहा कि आंगनबाड़ी केन्द्र पोषण एवं बाल विकास संबंधी सेवाएं प्रदान करने के साथ-साथ समाज में जन-जागरूकता फैलाने एवं सामुदायिक सहभागिता बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
अभियान में महिलाओं एवं स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों एवं सहायिकाओं के सामूहिक प्रयासों से जनपद के समस्त आंगनबाड़ी केन्द्रों पर जनगणना-2026 एवं मतदान जागरूकता अभियान का सफल आयोजन किया गया।
हापुड़ की विश्वसनीय कपड़ों की दुकान “रामदास मोहनलाल माहेश्वरी बजाज” से खरीदें लहंगा, लेडीज सूट, डिजाइनर साड़ियां, स्टॉल, ज्वेलरी बहुत कुछ: 9927870069

























