सिम्भावली का अंकित खरीदता था ट्रांसफार्मर चोरी की माल
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): सिम्भावली का एक कारोबारी ट्रांसफार्मर चोर गिरोह के झांसे में आ गया और चोरी का माल खरीद कर बड़े धंधेबाज को देने लगा। अब मेरठ पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
थाना सिम्भावली के पुराना बाजार बक्सर का अंकित गोयल कुछ दिन पहले सूरज सिटी फफराना रोड मोदीनगर जाकर रहने लगा और बर्तन व कबाड़े का कारोबार करने लगा। अंकित ट्रांसफार्मर चोर गिरोह के सम्पर्क में आ गया और वह गिरोह के सदस्यों से ट्रांसफार्मर चोरी का माल खरीद कर मोदीनगर के बड़े कारोबारी विनय गुप्ता को बेचने लगा। ट्रांसफार्मर चोर गिरोह की गिरफ्तारी के साथ ही पूरा भांडा फूट गया। जनपद मेरठ के थाना जानी पुलिस ने गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार कर ट्रांसफार्मर का सामान क्वाईल, तेल, तार, स्टार्टर, केबिल, कार व बाइक बरामद की है।
जनपद मेरठ के थाना परतापुर पुलिस के सहयोग से जानी पुलिस कई राज्यों में ट्रांसफार्मर और बिजली के उपकरण चोरी करने वाले गिरोह और सामान खरीदारी करने वाले मोदीनगर गाजियाबाद के बड़े कारोबारी तक पहुंच गई। पुलिस ने गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार कर लाखों की कीमत का सामान बरामद किया है। कारोबारी विनय गुप्ता करोड़ों कीमत का ट्रांसफार्मर चोरी की सामान अपनी फैक्टरी में गला चुका है।
एसपी देहात कमलेश बहादुर ने बताया कि सोमवार को गंगनहर पटरी पूठ रोड भोला झाल चौराहा पर जानी पुलिस ने ट्रांसफार्मर और केबल चोरी करते अंकित, विशाल और रोहित को बिना नम्बर प्लेट की बाइक और कार के साथ गिरफ्तार किया गया। पकड़े गए आरोपियों ने बताया कि अपने साथी मोहित, सलमान, फरीद, साजिद अलवी, कुनाल, अंकित कश्यप, फरीद सैकेंड के साथ मिलकर मेरठ, गाजियबाद तथा सोनीपत के ग्रामीण इलाकों से नलकूपों पर रखे ट्रांसफार्मर और बिजली के तार चोरी करते थे। दो सप्ताह पहले रासना, मीरपुर और रोहटा के जंगल से ट्रांसफार्मर चोरी कर चुके है। उनकी निशान देही पर ट्रांसफार्मर की क्वाइल और तेल गन्ने के खेत से बरामद किया गया। पूछताछ में तीनों ने बताया कि वसीम को सामान बेच देते थे, जो इस सामान को बर्तन कारोबारी एवं कबाड़ी अंकित गोयल को बेचता था। अंकित सभी सामान को मोदीनगर के बड़े कारोबारी विनय गुप्ता की लोहा गलाने की फैकट्री में बेचता था। विनय गुप्ता इस गिरोह के करोड़ों की कीमत का सामान खरीदकर अपनी फैक्टरी में गला चुके है। पुलिस ने विनय गुप्ता को भी मुकद्दमे में आरोपित बनाया है।
हापुड़ में अब पांच मिनट में हटवाएं मस्से: 7668219093






















