
12 जुलाई को प्रदेश भर में चलेगा पौधा रोपण अभियान
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): उत्तर प्रदेश सरकार 12 जुलाई को होने वाले 35 करोड़ पौधारोपण महाअभियान को जन आंदोलन का स्वरूप देने जा रही है। इसके लिए प्रशासन ने जोन और सेक्टर आधारित निगरानी तंत्र, सेल्फी अभियान और 24 घंटे कंट्रोल रूम जैसी व्यवस्थाएं लागू की हैं। मकसद साफ है कि हर पौधे की जिम्मेदारी तय हो और आम नागरिक भी इस हरित महायज्ञ का सक्रिय भागीदार बने। मुख्य सचिव एसपी गोयल से सभी मंडलायुक्त व जिलाधिकारियों को इसके आदेश भी जारी कर दिए हैं।
पौधारोपण महाअभियान के लिए सरकार पूरे प्रदेश को जोन और सेक्टर में विभाजित कर अधिकारियों की जवाबदेही तय करने जा रही है। अभियान की सबसे खास पहल ‘सेल्फी विद प्लांट’ होगी। पौधारोपण करने वाले नागरिक, विद्यार्थी, स्वयं सहायता समूह, स्वयंसेवी संस्थाएं, जनप्रतिनिधि और सरकारी कर्मचारी पौधे के साथ सेल्फी साझा करेंगे। इससे न केवल लोगों की भागीदारी बढ़ेगी, बल्कि पौधारोपण का डिजिटल रिकार्ड भी तैयार होगा और संरक्षण के प्रति सामाजिक जिम्मेदारी का भाव मजबूत होगा।
हर जिले में वन विभाग के अधीन 24×7 कंट्रोल रूम स्थापित किए जाएंगे, मुख्य कंट्रोल रूम वन विभाग के मुख्यालय में रहेगा। यहां से पौधारोपण की प्रगति की निगरानी होगी। मुख्य सचिव ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि और प्रधानमंत्री आवास योजना सहित विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को भी इस अभियान से जोड़ने के निर्देश दिए हैं।
अनंतम ग्रीन्स हापुड़ का पहला रिजॉर्ट लिविंग, बुक करें अपना प्लॉट: 9557283854
























