
हापुड़ में उड़ीसा की नाबालिगा के साथ दुष्कर्म, दिल्ली में शून्य एफआईआर दर्ज
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): नाबालिगा के साथ दुष्कर्म से जुड़े एक मामले में दिल्ली पुलिस में तैनात दरोगा कोयल ने हापुड़ की रेलवे रोड पर स्थित मयूर कोठी निवासी राजीव अग्रवाल, उनकी पत्नी, रेप के आरोपी विकास समेत सात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। नाबालिगा के साथ राजीव अग्रवाल के रिश्तेदार की दुकान पर काम करने वाले विकास ने दुष्कर्म किया। दिल्ली पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल कराया जिसमें दुष्कर्म और गर्भवती होने की पुष्टि हुई। दिल्ली पुलिस ने दो अगस्त को शून्य एफआईआर दर्ज कर हापुड़ कोतवाली भेज दिया जिससे हापुड़ कोतवाली पुलिस की कार्यशैली भी सवालों के कटघरे में खड़ी है।
उड़ीसा के सुंदरगढ़ जनपद के एक गांव की रहने वाली 17 साल की किशोरी के माता-पिता का निधन हो चुका है। वह अपने मामा के यहां रहती है। आर्थिक स्थिति बेहद खराब है। ऐसे में वह परिवार के भरण पोषण के लिए अपनी सहेली के साथ दिल्ली आई जहां रेलवे स्टेशन पर उसकी मुलाकात प्लेसमेंट एजेंसी के संचालक अर्जुन के साथ हुई। अर्जुन ने पीड़िता की मुलाकात अपनी पत्नी रीता से कराई और उसे हापुड़ की रेलवे रोड पर मयूर कोठी निवासी राजीव अग्रवाल के यहां घरेलू सहायिका के रूप में रखवा दिया।
राजीव अग्रवाल के रिश्तेदार की दुकान पर काम करने वाले विकास कुमार ने नाबालिगा के साथ मार्च 2024 से जुलाई 2025 तक कई बार घर पर ही दुष्कर्म किया जिससे पीड़िता गर्भवती हो गई। पीड़िता ने मामले की जानकारी प्लेसमेंट एजेंसी संचालक अर्जुन, उसकी पत्नी रीता, अपने मालिक राजीव अग्रवाल और उसकी पत्नी को दी। आरोप है कि आरोपियों ने डरा धमका कर उसे दिल्ली भेज दिया और डिलीवरी कराने के नाम पर तीन लाख रुपए में सौदेबाजी की और डेढ़ लाख रुपए के चेक थमा दिए। बताया जा रहा है कि बच्चे को एक एनजीओ संचालिका रेनू की मदद से दो महिलाओं को बेच देने का सौदा कर लिया। आरोपियों ने गलत चेक जारी होने की बात कहकर उसका बैंक खाता ही फ्रीज करा दिया और समझौते के लिए वापस हापुड़ बुलाया जहां दबाव में लेकर उससे कागजातों पर हस्ताक्षर कराए और जान से मारने की धमकी देकर उसे भेज दिया। पीड़िता दिल्ली के थाना रनहोला में अपने नाना के साथ पहुंची जहां पर दरोगा कोयल को मामले की जानकारी दी। दिल्ली पुलिस ने शून्य एफआईआर दर्ज की जिसमें प्लेसमेंट संचालक अर्जुन, उसकी पत्नी रीता, मकान मालिक राजीव अग्रवाल, उनकी पत्नी व एनजीओ संचालिका रेणु देवी, नौकर विकास कुमार और अज्ञात पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। रिपोर्ट दर्ज कर हापुड़ कोतवाली भेजी गई है। बताया जा रहा है कि पीड़िता वापस उड़ीसा लौट गई है।
ऋषभ चाप कॉर्नर पर रोटी-सब्जी, चाऊमीन, चाप, रोल सब कुछ उपलब्ध: 7248495020


























