हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): हापुड़ की मेरठ रोड पर स्थित मेरठ और दिल्ली रेलवे लाइन पर अंडर पास बनाया जाएगा जिसका निर्माण इसी महीने शुरू होगा। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी कर उसे जारी कर दिया गया है। हालांकि इस अंडरपास का निर्माण जनवरी 2020 में शुरू होना था। इसके लिए रेलवे विभाग ने टेंडर भी जारी किया था। निर्माण करने वाली कंपनी को अंडरपास 31 मार्च 2020 तक रेलवे को हैंडओवर करना था लेकिन कोरोना व कई अन्य कारणों से इसमे काफी देरी हो गई जिसके बाद अब एक बार फिर उम्मीद जगी है।
मेरठ रोड पर स्थित दिल्ली और मेरठ रेलवे लाइन पर बने फाटक को ओवर ब्रिज बनने के बाद बंद कर दिया गया था। मेरठ रेलवे लाइन का फाटक तो बंद हो गया लेकिन लोगों के विरोध की वजह से दिल्ली रेलवे फाटक को बंद नहीं किया जा सका। स्थानीय लोगों ने विरोध जताते हुए कहा कि उन्हें गली मोहल्ले में आने जाने में काफी परेशानी होगी जिसकी वजह से मजबूरन इसे खोलना पड़ा लेकिन अब रेलवे विभाग जल्द ही मेरठ लाइन और दिल्ली रेलवे लाइन पर अंडरपास बनाने जा रहा है जिसका निर्माण कार्य इसी महीने शुरू होगा। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया भी पूरी कर निर्माण के लिए टेंडर जारी कर दिया गया है। साथ ही दोनों रेलवे फाटकों को मानव रहित कर दिया जाएगा।






















