हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना बाबूगढ़ कोतवाली क्षेत्र के गांव मुदाफरा में तीन बच्चे चार फरवरी को दलदल रूपी तालाब में फंस गए जिन्हें ग्रामीणों ने रस्सी की सहायता से कड़ी मशक्कत कर बाहर निकाला। इस घटना के बाद तालाब की सफाई का कार्य शुरू हो गया। ग्रामीणों ने गांव के सभी तालाबों की सफाई की मांग की है।
कश्यप निषाद संगठन के जिलाध्यक्ष ब्रह्मपाल कश्यप ने बताया कि गांव में पांच तालाब है। सभी दलदल बन चुके हैं जिनकी समय पर सफाई नहीं होती। ऐसे में चार फरवरी को मेरठ से गांव मुदाफरा में अपने भाई के यहां भात नौतने आई एक महिला और उसकी सहेलियों के बच्चे खेलते हुए तालाब के दलदल में फंस गए जिन्हें कड़ी मशक्कत कर ग्रामीणों ने बाहर निकाला। ग्रामीणों की मांग है कि गांव के सभी तालाबों की सफाई समय पर की जाए। इस संबंध में उन्होंने एक ज्ञापन सीडीओ प्रेरणा सिंह को भी दिया।




























