हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): हापुड़ में चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। ताजा मामला प्रीत विहार श्याम नगर मार्ग का है जहां अज्ञात चोरों ने ट्यूबवेल के कमरे का ताला तोड़कर कमरे में रखे स्टेबलाइजर, बैटरी आदि चुरा लिया और फरार हो गए। शनिवार की सुबह जब किसान मौके पर पहुंचा तो टूटा ताला देख उसके होश उड़ गए और उसने मामले की जानकारी पुलिस को दी।
किसान मिंटू ने बताया कि मोदीनगर रोड पर स्थित एक स्कूल के पीछे उनकी ट्यूबवेल है जहां शुक्रवार की रात में वह ताला लगाकर घर चले गए थे। शनिवार की सुबह जब वह पहुंचे तो देखा कि ताला टूटा हुआ है और सामान सारा बिखरा हुआ है। चोरों ने इस दौरान कमरे में रखे स्टेबलाइजर, बैटरी को चुरा लिया और फरार हो गए। मिंटू ने 112 पर पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
























