हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : जनपद हापुड़ के नगर पंचायत बाबूगढ़ छावनी में प्रतिदिन नियम से कुछ लोग निस्वार्थ भाव से पक्षियों को दाना डालने जाते हैं। यह पक्षी भी बेसब्री से इनका इंतजार करते हैं और आसमान में बहुत ही शानदार नजारा दिखाई देता है। बाबूगढ़ छावनी निवासी मानवी पुत्री अमित कुमार, दुकानदार पीतम सिंह, शरीफ अहमद, राजेंद्र फल वाले, आशु मेडिकल वाले आदि नियम से पक्षियों को दाना डालते हैं। पक्षी भी इस दौरान बड़ी संख्या में दाना चुगने के लिए आते हैं। बता दें कि 10 वर्ष की मानवी पिछले काफी समय से अपने घर की छत पर पक्षियों को प्रतिदिन नियम से दाना डालती आ रही है। कहा जाता है कि पक्षियों को दाना डालने से घर में सकारात्मक ऊर्जा आती है। घर में शांतिपूर्ण वातावरण रहता है और पक्षियों को दाना डालना बेहद शुभ माना जाता है। बता दें कि सिर्फ बाबूगढ़ छावनी ही नहीं बल्कि जनपद, प्रदेश व देश के विभिन्न हिस्सों में लोग पक्षियों को दाना डालते हैं। बाबूगढ़ का यह मनमोहक नजारा अपने आप में काफ़ी कुछ बयां कर रहा हैं।






















